November 23, 2026

स्वदेशी से स्वावलंबन की राह – कैट और व्यापारी हर घर तक साथ

1 min read
Share this

राजनांदगांव/दुर्ग। स्वावलंबी भारत अभियान के तहत एमएसएमई एवं कैट (कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) दुर्ग इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विशेष भेंट एवं विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वदेशी–विदेशी वस्तुओं की तुलनात्मक सूची और “स्वावलंबन की ओर बढ़ता भारत” नामक पुस्तक अतिथियों को भेंट की गई।
*स्वदेशी बनाम विदेशी पर विमर्श*
कार्यक्रम में भारत सरकार के एमएसएमई डीएफओ रायपुर सहायक निदेशक योगेश कुमार, उद्यमिता विशेषज्ञ प्रेम आनंद राव, स्वावलंबी भारत अभियान छत्तीसगढ़ के प्रांत सह–समन्वयक संजय चौबे, एमएसएमई प्रभारी मोहम्मद अली हिरानी, कैट जिला अध्यक्ष प्रकाश सांखला, महिला इकाई अध्यक्ष पायल जैन, चेयरमैन पवन बडजात्या और युवा इकाई अध्यक्ष रवि केवलतानी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष प्रकाश सांखला ने बताया कि घर–घर जाकर सूची वितरित की जा रही है ताकि लोग विदेशी वस्तुओं के स्थान पर भारतीय उत्पादों का उपयोग करें। इसमें साबुन, टूथपेस्ट, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, खिलौने, मोबाइल ऐप्स, फर्नीचर और पैकेज्ड फूड जैसी दैनिक जरूरत की वस्तुएं शामिल हैं।

*महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बाजार*
कैट महिला इकाई अध्यक्ष पायल जैन ने घोषणा की कि आगामी 5 अक्टूबर को महिला उत्पादों की वार्षिक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि “यह प्रदर्शनी महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराएगी और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी।”

*हुनर से आत्मनिर्भरता(
प्रांत सह–समन्वयक संजय चौबे ने जानकारी दी कि आगामी माह से महिलाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सिलाई, पैकेजिंग, डिजिटल मार्केटिंग, फूड प्रोसेसिंग और हैंडीक्राफ्ट जैसे क्षेत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि“महिलाओं के स्वावलंबन से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। यदि हर घर स्वदेशी अपनाए और हर हाथ को हुनर मिले तो भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा।”

*जन–जन तक पहुंचेगा अभियान*
एमएसएमई प्रभारी मोहम्मद अली हिरानी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आंदोलन है। आने वाले महीनों में हर जिले और गाँव तक स्वदेशी–विदेशी वस्तुओं की सूची पहुँचाई जाएगी। पवन बडजात्या ने भी महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता पर जोर दिया।
स्वदेशी वस्तुएं गाँव–गाँव में रोजगार सृजित करती हैं, स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देती हैं और राष्ट्र को मजबूत बनाती हैं। विदेशी वस्तुएं पूंजी को बाहर ले जाती हैं और बेरोजगारी बढ़ाती हैं।
इसी सोच के साथ कैट और व्यापारी संगठन ने हर परिवार से आह्वान किया है कि “घर–घर स्वदेशी अपनाएं, विदेशी को हटाएं और आत्मनिर्भर भारत की राह पर बढ़ें।” उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी है।

This will close in 0 seconds