November 24, 2026

श्री गुरुतेग बहादुर जी के 350 वे शहीदी शताब्दी पर आने वाली यात्रा का 20 को रायपुर में होगा भव्य स्वागत

1 min read
Share this

00 छेरीखेड़ी में मुख्यमंत्री, विस अध्यक्ष, मंत्रीगण, विधायकगण सहित सिक्ख समाज के प्रमुखजन करेंगे स्वागत
रायपुर। सिक्ख समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है जब जब देश पर किसी भी तरह की बात आई है सिक्ख समाज हमेशा ही आगे खड़ा नजर आया है। गौरवशाली इतिहास की एक कड़ी सिक्ख धर्म के नवमे गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के 350 शहीदी शताब्दी दिवस के अवसर पर असम के धुबरी साहिब से यात्रा आरम्भ हुई थी जो सरायपाली बसना होते हुए 20 सितंबर की शाम 5 बजे रायपुर पहुंचेगी जहां छेरीखेड़ी होटल पंजाब बिस्ट्रो के पास प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा के अध्यक्ष डा रमन सिंह सहित मंत्री मंडल के सदस्यगण, विधायक गण, महापौर सहित सिक्ख समाज के प्रमुखजन स्वागत करेंगे।
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया, जगजीत सिंह खनूजा, जीएस बाबरा, लखविंदर व गगन ने संयुक्त पत्रकारवार्ता में बताया कि यात्रा के स्वागत लिए रायपुर के सभी 18 गुरुद्वारा कमेटी के प्रमुखजन महासुंद जिले के सरायपाली के पास से आगवानी कर श्री गुरुतेग बहादुर जी को लेकर आयेंगे। रायपुर राजधानी में यात्रा के आगमन की भव्य स्वागत तैयारियां की गई है, लगभग 20 से अधिक स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है जिसमें श्री गुरुतेग बहादुर जी के इतिहास को दिखाया जाएगा साथ ही यात्रा के पूरे मार्ग पर साउंड सिस्टम के माध्यम से गुरुवाणी कीर्तन की मधुर वाणी चलती रहेगी। यात्रा मुख्य रूप से नगर कीर्तन के रूप में वीआईपी चौक राम मंदिर के पास से नगर कीर्तन के रूप में आरम्भ होगी जहां से खालसाई शान के साथ आरम्भ होगी। शहीद शताब्दी नगर कीर्तन यात्रा जो कि असम के धुबरी साहिब से आरम्भ हुई थी में दो बड़े ट्राला नुमा बस सहित 20 वाहन सम्मिलित है और 200 सेवकों का जत्था पंज प्यारे और पवित्र ग्रन्थ साहिब सम्मिलित है एक बड़े ट्राले को कांच वाले पारदर्शी बस में परिवर्तित किया गया है जिसमें ऐतिहासिक गुरुओं के समय के शस्त्र जो मुगलों से युद्ध के दौरान प्रयोग किए जाते थे सम्मिलित है,। राजधानी रायपुर में नगर कीर्तन यात्रा के लिए 30 से अधिक स्थानों पर स्टेज बनाए जा रहे है जहां पुष्प वर्षा की जाएगी साथ ही अन्य समाज व्यापारिक संगठन, राजनीतिक संगठनों द्वारा भी स्वागत किया जाएगा। राजधानी रायपुर के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक में 350 से अधिक ब्राम्हण समाज के लोगों के द्वारा स्वागत किया जाएगा।
यात्रा रायपुर के प्रमुख मार्ग तेलीबांधा मरीन ड्राइव, गुरुद्वारा बाबा बुड्डा साहिब, शंकर नगर चौक, गुरुतेग बहादुर उद्यान, घड़ी चौक, शास्त्री चौक, जय स्तंभ चौक, शारदा चौक, फूल चौक, आजाद चौक, आमापारा चौक, राजकुमार कॉलेज, अनुपम गार्डन, साइंस कॉलेज, यूनिवर्सिटी होते हुए महोबाबाजार, से टाटीबंध गुरुद्वारे पहुंचकर रात्रि विश्राम पश्चात सुबह 21 सितंबर को दुर्ग डोंगरगढ़ मार्ग से गोंदिया (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हो जाएगी और समापन पंजाब के अनंतपुर में होगी।

This will close in 0 seconds