May 10, 2026

मचांदुर गांव में हुए झंडा विवाद मामले में प्रधान आरक्षक और आरक्षक लाइन अटैच

1 min read
Share this

00 मोहम्मद खान और असलम खान के खिलाफ मामला दर्ज
दुर्ग। मचांदुर गांव में सेना के जवान कौशल निषाद के घर भगवा झंडा लगाने के बाद हुए विवाद मामले में राज्य सरकार ने प्रधान आरक्षक महेश देवांगन और आरक्षक रामकृष्ण दास को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं इस मामले से जुड़े मोहम्मद खान और असलम खान (पिता राशिद खान) के खिलाफ धारा 296, 351(3) और धारा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। इसके साथ ही असलम खान पर धारा 75 के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल इन दोनों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है।
बता दें कि मचांदुर गांव के जिस मोहल्ले में यह विवाद हुआ वहां मुस्लिम के 40 परिवार हैं, तो वहीं हिंदू समाज के 2 परिवार निवास करते हैं। बीते 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर यहां हरे झंडों की सजावट की गई थी। इस दौरान इस मोहल्ले में निवास करने वाले जवान कौशल निषाद ने भी अपने घर पर भगवा झंडा लगा दिया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों ने झंडा हटाने का अनुरोध किया, लेकिन निषाद परिवार ने झंडा उतारने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस बीच बचाव में जवान की मां के पहुंचने से पुलिस कर्मी वहां से वापस लौटे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद हिंदू संगठनों और भाजयुमो ने जोरदार विरोध किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ शख्त कार्यवाही की मांग की। वहीं यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम मचांदूर के उस एरिया में बहुत से मुस्लिम परिवार अवैध रूप से आकर बसे हैं, जिनकी भी जांच करवाकर उचित कार्यवाही की जाए अन्यथा हिंदूवादी संगठन उग्र प्रदर्शन करेगा।