सोशल मीडिया पर बैन के विरोध में नेपाल में बवाल प्रदर्शनकारियों के दबाव में प्रधानमंत्री का इस्तीफा

1 min read
Share this

नई दिल्ली। सोशल मीडिया बैन करने के विरोध में नेपाल दूसरे दिन भी झुलस रहा है मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के निजी आवास पर अपना कब्जा जमा लिया प्रदर्शनकारियों के बढ़ते दबाव के चलते पहले नेपाल के तीन मंत्रियों ने त्यागपत्र दे दिया बाद में प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने भी प्रदर्शनकारियों के आगे हथियार डाल दिये और पद से त्यागपत्र दे दिया। बिगड़ते हालात को देखते हुए  प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई थी लेकिन इससे पूर्व ही उन्होंने पद छोड़ने का एलान किया।

नेपाल में सोशल मीडिया बैन और सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरे Gen-Z प्रदर्शनकारियों के आगे सरकार झुक गई है। पहले नेपाल के गृह मंत्री, कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने इस्तीफा दिया और बाद में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है।

राजधानी काठमांडू समेत देश के कई शहरों में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी हुई है। विरोध प्रदर्शन नेपाल के 7 बड़े शहरों तक पहुंच गया है। यहां कर्फ्यू लगा दिया गया है। सेना की तैनाती की गई है। हिंसक विरोध में अब तक 19 लोग मारे जा चुके हैं। 400 से ज्यादा घायल हैं। युवाओं की मांग है कि सरकार बैन हटाए और पारदर्शिता लाए। काठमांडू प्रशासन ने तोड़फोड़ करने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश भी जारी किए।

केपी शर्मा ओली की तरफ से सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील करते हुए लिखा गया है, ‘मैं स्थिति का आकलन करने और एक सार्थक निष्कर्ष निकालने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रहा हूं। इसके लिए मैंने आज शाम 6 बजे एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। मैं सभी भाइयों और बहनों से विनम्र निवेदन करता हूँ कि इस कठिन परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें।’

नेपाल में इस वक्त स्थिति गंभीर हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के राष्ट्रपति के निजी आवास को कब्जे में ले लिया है। नेपाल के सूचना मंत्री के आवास को आग लगा दी गई है। सोशल मीडिया बैन करने के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन अब व्यापक हो चुका है और भ्रष्टाचार समेत तमाम मुद्दों को आधार बनाकर पीएम केपी शर्मा ओली का इस्तीफा मांगा जा रहा है।

बढ़ते तनाव के बीच नेपाल के संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कहा है कि सरकार ने सोशल मीडिया साइटों को फिर से शुरू करने का आदेश दे दिया है। इसके पहले सोमवार को प्रदर्शकारियों ने नेपाल के संसद परिसर में घुस गए और यहां उनकी सुरक्षाबलों से झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें, आंसू गैस और रबर गोलियों का इस्तेमाल किया गया।