भाजपा महिला मोर्चा करेगी कांग्रेस कार्यालय का घेराव
1 min read
Share this
00 मातृ-शक्ति का अपमान कांग्रेस की पहचान बन गया है – विभा
रायपुर। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा व उनकी माताजी के लिए अपशब्दों के प्रयोग के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में आगामी 02 सितम्बर को विशाल निकाली जाएगी और र राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) का घेराव किया जाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने सोमवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में 2 सितम्बर को होने वाले प्रदर्शन की जानकारी देते हुए कहा कि पहले बीटीआई मैदान (शंकर नगर) पर आमसभा करके प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद यहाँ से रैली के रूप में चलकर राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) का घेराव किया जाएगा। इस दौराम मातृ-शक्ति के साथ जनप्रतिनिधि और अलग-अलग सामाजिक संगठन व विधाओं से जुड़ीं सहयोगी बहनें विरोधस्वरूप काली साड़ी या काला दुपट्टा, काले सिंबल के साथ भारी संख्या में उपस्थित रहेंगीं।
श्रीमती अवस्थी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्रित्व काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने का काम किया है। लेकिन अब तो कांग्रेस के लोगों ने मर्यादा की सारी सीमाएँ लांघ दी हैं। एक माँ के इस अपमान को 140 करोड़ देशवासी कभी माफ नहीं करेंगे। बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री श्री मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह घोर निंदनीय है। अपने इसी महिला विरोधी चरित्र के चलते कांग्रेस हमेशा देश की मातृ-शक्ति का अपमान करती आई है। अब तो मातृ-शक्ति का अपमान कांग्रेस की पहचान बन गया है। लेकिन अब मातृ-शक्ति का अपमान यह देश कतई नहीं सहेगा।
पत्रकार वार्ता में रायपुर (शहर) जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा संतोष साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, महिला मोर्चा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कृतिका जैन की उपस्थिति रही।
