छोटे परदे की बड़ी अदाकारा प्रिया मराठे का निधन
1 min read
Share this
मुंबई। छोटे पर्दे की बड़ी अदाकारा प्रिया मराठे का 38 वर्ष की उम्र में रविवार को निधन हो गया। प्रिया मराठे पिछले एक वर्ष से कैंसर से जूझ रही थी।
प्रिया मराठे टेलीविजन और मराठी फिल्म इंडस्ट्री की एक पॉपुलर अदाकारा होने के साथ कामेडीयन भी थीं। कई मराठी फिल्मों में प्रिया नजर आई थीं। पॉपुलर हिंदी सीरियल पवित्र रिश्ता में प्रिया ने सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे के साथ स्क्रीन शेयर किया था। इसमें प्रिया ने अंकिता की बहन का किरदार निभाया था। इस सीरियल से प्रिया मराठे घर-घर पॉपुलर हो गई थीं।
प्रिया मराठे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और रविवार को कैंसर से जंग हार गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को प्रिया ने अपने घर में अंतिम सांस ली। सिर्फ 38 साल की उम्र में प्रिया ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
प्रिया के निधन पर मराठी फिल्म इंडस्ट्री और हिंदी टेलीविजन इंडस्ट्री शोकाकुल हैं। लगातार टेलीविजन और फिल्म स्टार्स प्रिया मराठे के निधन पर शोक जता रहे हैं। फैंस भी सोशल मीडिया के जरिए प्रिया को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं अब प्रिया मराठे के भाई ने एक भावुक पोस्ट किया है। प्रिया मराठे के चचेरे भाई सुबोध भावे ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और उन्हें जुझारू बहन बताया है।
सुबोध भावे ने सोशल मीडिया पर बहन प्रिया मराठे के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा—”प्रिया मराठे — एक उत्तम अभिनेत्री, कुछ धारावाहिकों और फिल्मों में मेरी सहकलाकार। लेकिन मेरे लिए उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण रिश्ता उसके साथ था। प्रिया मेरी चचेरी बहन थी।”
आगे सुबोध ने बताया कि प्रिया ने बहुत मेहनत की थी और काम के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा थी। कैंसर का पता चलने के बाद भी उन्होंने दोबारा काम शुरू किया था। भावे ने कहा कि प्रिया उनकी जुझारू बहन थीं।
आगे सुबोध भावे ने पोस्ट में लिखा— “मेरी बहन एक जुझारू योद्धा थी, लेकिन आखिरकार उसकी ताकत कम पड़ गई। प्रिया, तुम्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। जहाँ कहीं भी तुम हो, वहाँ तुम्हें शांति मिले, यही प्रार्थना है।”
