May 4, 2026

जमराव एनीकेट में डूबने से दो नाबालिग दोस्तों की हुई मौत

1 min read
Share this

रायपुर। ग्राम जमराव स्थित एनीकट में बुधवार को रायपुर से सैर-सपाटे के लिए आए छह दोस्तों में से दो किशोर नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव में बह गए। एक का शव बुधवार शाम को ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दूसरे किशोर का शव गुरुवार सुबह मिला। अमलेश्वर पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर से छह दोस्त पाटन ब्लॉक के ग्राम जमराव स्थित एनीकट में घूमने पहुंचे थे। बुधवार शाम करीब चार बजे खाना खाने के बाद यशवंत हरपाल (16) और आशीष सरोज (15) नहाने के लिए नदी में उतरे। इस दौरान खारून नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहने लगे। साथ में मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर रवाना हुई। कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 5:30 बजे सूचना मिलने पर 6:30 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर रात तक चलाए गए अभियान में यशवंत का शव एनीकट से करीब 30 मीटर दूर बरामद कर लिया गया। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था। गुरुवार सुबह 6 बजे एसडीआरएफ की 13 सदस्यीय टीम ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। लगभग साढ़े तीन घंटे के प्रयास के बाद आशीष सरोज का शव भी उसी जगह से करीब 30 मीटर दूर बरामद किया गया। मृतक आशीष रायपुर के बजरंग नगर का निवासी था और दोनों ही छात्र आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों ही छात्रों का अंबेडकर अस्पताल में पीएम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।