May 3, 2026

निर्माणाधीन पुलिया से टक्कर के बाद कार में लगी आग, जिंदा जल गए कार सवार 4 युवक, 2 गंभीर

1 min read
Share this

कांकेर। जिले के सीटी थाना कोतवाली क्षेत्र अंर्तगत आतुरगांव स्थित निर्माणाधीन पुल के पास शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात लगभग 1:15 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (सीजी 04 पीजे 7460) पुराने पुल की कांक्रीट दीवार से जा टकराई, इस भीषण सड़क हादसे में चार युवकों युवराज सोरी (24 वर्ष) निवासी बाड़ाटोला, चौकी हल्बा, जिला कांकेर, हेमंत शोरी (20 वर्ष) निवासी सिंघनपुर, सूरज उइके (19 वर्ष) एवं दीपक मरावी (19 वर्ष) निवासी डुंडेरापाल, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव की जलकर मौत हो गई, जबकि दो युवक प्रीतम नेताम (21 वर्ष), पिता, किशन नेताम एवं पृथ्वीराज सलाम (19 वर्ष), पिता, मेघराज सलाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। कार में सवार छह युवकों में से दो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बाकी चार युवक आग की चपेट में आकर कार में ही जिंदा जल गए। हादसे की सूचना मिलते ही कांकेर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और निर्माणाधीन पुल का अधूरा सुरक्षा इंतजाम बताया जा रहा है। पुलिस अब घटनास्थल की तकनीकी जांच कर रही है, साथ ही हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
कांकेर एसडीओपी मोहसिन खान ने बताया कि घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है।