आईटीबीपी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही – रोलबा
1 min read
Share this
कोंड़ागांव। जिले मेें तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सामरिक क्षेत्रीय मुख्यालय, भुवनेश्वर द्वारा 17वां स्थापना दिवस समारोह कोण्डागांव इकाई में पूरे सम्मान और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसे डीआईजी संजीव रोलबा ने संपन्न किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जवान, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर जवानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया।
अपने संबोधन में डीआईजी रोलबा ने बल की निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आईटीबीपी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नारायणपुर, कोण्डागांव और आस-पास के क्षेत्रों में बल की उपस्थिति ने ग्रामीणों के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को सुदृढ़ किया है। डीआईजी ने बल की सामाजिक सहभागिता का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आईटीबीपी द्वारा समय-समय पर चिकित्सा शिविर, स्कूल सहयोग, खेल प्रतियोगिताएं, आपदा राहत कार्य और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिससे पुलिस और जनता के बीच सहयोग मजबूत हुआ है। उन्होने कहा कि 17वां स्थापना दिवस का आयोजन आईटीबीपी की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बना रहा है।
