गोपाल खेमका हत्याकांड का पर्दाफाश मास्टरमाइंड व शूटर गिरफ्तार,एक आरोपी मारा गया

1 min read
Share this

पटना(बिहार)। सूबे के मेडिकल क्षेत्र के नामचीन कारोबारी गोपाल खेमका की शनिवार 4 जुलाई को हुई हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने चार दिनों में सुलझा ली और इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड बिल्डर अशोक साह के साथ ही शूटर तथा हथियार देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि चकमा देकर भाग रहा एक अन्य आरोपी पुलिस की गोली का निशाना बना।

गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस टीम से जो प्रारंभिक मिली है उसके अनुसार गोपाल खेमका और बिल्डर अशोक साह के बीच लंबे समय से व्यावसायिक लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। जब बाद में आपसी  रंजिश में तब्दील हो गया। अशोक साह ने सुपारी किलर उमेश उर्फ विजय को हायर किया और गोपाल की हत्या की साजिश रची। 4 जुलाई को खेमका को उनके ही घर के बाहर गोलियों से भून दिया गया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य टेक्निकल इनपुट के जरिए शूटर उमेश तक पहुंच बनाई।

8 जुलाई को पुलिस ने शूटर उमेश उर्फ विजय को मालसलामी इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि खेमका की हत्या की उसे सुपारी दी गई थी। उसे एक लाख रुपए एडवांस दिए गए थे।  पुलिस को उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, बाइक, 80 कारतूस, दो मोबाइल और एक लाख नकद भी बरामद हुआ। उसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली में ‘विजय’ नाम से रहता था और पहचान छिपाकर काम करता था। उमेश की निशानदेही पर पुलिस ने पटना सिटी के गंगा किनारे इलाके से हथियार भी बरामद किया और गन सप्लायर की तलाश शुरू की।

शूटर उमेश के बताए अनुसार पुलिस विकास उर्फ राजा की तलाश में मालसलामी पहुंची।  मंगलवार तड़के 4 बजे जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो विकास ने टीम पर फायरिंग कर दी,जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। घटनास्थल से एक पिस्टल, जिंदा गोली और खोखा बरामद हुआ है। मौके पर पटना सिटी SDPO-2, SP और SSP समेत कई अधिकारी पहुंचे। विकास उर्फ राजा एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ कई हत्या और अवैध हथियार के मामले पहले से थानों में केस दर्ज थे। वह खुद भी सुपारी किलर रह चुका था।

एसआईटी और STF ने उमेश की सूचना पर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी कर मुख्य साजिशकर्ता अशोक साह को गिरफ्तार किया। वह फ्लैट नंबर 601 में छिपा हुआ था। पुलिस ने इस फ्लैट से 3 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। यह वही फ्लैट है, जिसमें पहले कभी कुख्यात अपराधी अशोक सम्राट और रत्नेश्वर साह जैसे लोग भी रह चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, खेमका हत्याकांड की जांच लगातार जारी है। उमेश की निशानदेही पर पुलिस ने पटना जंक्शन से एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उदयगिरी अपार्टमेंट से तीन अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए उठाया गया है। पुलिस को शक है कि साजिश में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं।