लीड्स टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीतकर 1-0 से ली बढ़त
1 min readShare this
लीड्स (इंग्लैंड)।बेन डकेट (149) के शतक और जो रूट (53*) के नाबाद अर्धशतक के चलते मेजबान इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट में 5 विकेट से शिकस्त देते हुए पांच टेस्ट मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने 5 शतक लगाए, इसके बाद भी टीम को हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में भारतीय टीम ने कई गलतियां की, जो उसकी हार का कारण बनीं। शुभमन गिल की कप्तानी वाली युवा बिग्रेड ने मैदान पर एक या 2 नहीं पूरे 5 कैच छोड़े। ऐसे में इंग्लिश बल्लेबाजों का बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिल गया। इसके अलावा लोअर ऑर्डर में टीम रन नहीं बना सकी। गेंदबाज भी रन गति पर लगाम नहीं लगा सकेे।
मैच के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 350 रन बनाने थे। इंग्लैंड की सलामी जोड़ी जैक क्रॉली और बने डकेट ने धांसू शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट की लिए 188 रन पार्टनरशिप हुई। कृष्णा ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। 43वें ओवर में उन्होंने क्रॉली (65) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। 45वें ओवर में कृष्णा ने ओली पोप (8) को बोल्ड किया। 2 विकेट गिरने के बाद भारत ने थोड़ी राहत की सांस ली। 55वें ओवर में शार्दुल ने लगातार 2 विकेट लेकर भारत की मैच में फिर से वापसी कराते हुए शतक जमाकर खतरनाक हो चुके बेन डकेट को वापस पवेलियन भेजा। डकेट ने 170 गेंदों पर 149 रन बनाए इस दौरान उन्हें एक जीवनदान भी मिला था, जब यशस्वी जायसवाल ने बाउंड्री पर उनका कैच छोड़ा था। अगली ही गेंद पर शार्दुल ने हैरी ब्रूक को अपने जाल में फंसा लिया। ब्रूक गोल्डन डक पर आउट हुए।चाय काल तक इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 269 रन था। उस समय जो रूट और बेन स्टोक्स क्रीज पर थे। खेल के अंतिम सत्र में इंग्लैंड को जीत के लिए 102 रनों की आवश्यकता थी और भारत को 6 विकेट निकालने थे।
चाय के बाद रवींद्र जडेजा ने कप्तान बेन स्टोक्स का विकेट लेकर आस जगाई । इंग्लिश कप्तान ने 51 गेंदों पर 33 रन बनाए। इसके बाद टीम का कोई विकेट नहीं गिरा। जो रूट 53 और जेमी स्मिथ 44 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से कृष्णा और ठाकुर ने 2-2, रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया।

