कोटमसर गुफा कल से चार महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा
1 min readShare this
जगदलपुर। बस्तर जिले के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा 16 जून से चार महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच से भरपूर कोटमसर गुफा की रहस्यमय गहराइयों को देखने के लिए अब तक 5 लाख से अधिक पर्यटक पंहुच चुके है। गुफा की अद्वितीय चूना-पत्थर संरचनाएं, प्राकृतिक छटा और अंदर की ठंडक लोगों को खूब भा रही है, लेकिन अब बारिश का मौसम शुरू होने जा रहा है और सुरक्षा कारणों के चलते कोटमसर गुफा को 16 जून से अस्थायी रूप से चार महीने के लिए बंद किया जा रहा है। हर साल मानसून के दौरान पानी भरने और फिसलन की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया जाता है।
वन विभाग के सीसीएफ आरसी दुग्गा ने बताया कि इस साल रिकॉर्ड संख्या में लगभग 5 लाख पर्यटक बस्तर पहुंचे हैं। लोग यहां की शांति, हरियाली और प्राकृतिक धरोहरों को देखने विशेष रूप से आ रहे हैं और कोटमसर गुफा उनकी यात्रा का अहम हिस्सा बन चुकी है। अब यह गुफा अक्टूबर में फिर से सैलानियों के लिए खोली जाएगी तब एक बार फिर प्रकृति प्रेमियों को इसकी गोद में उतरने का मौका मिलेगा।

