हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर में 40 बच्चों ने लिया भाग
1 min read
Share this
रायपुर। हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ रायपुरा द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन 13 जून को एक भव्य समारोह के साथ हुआ। यह शिविर 15 अप्रैल से 15 जून तक आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के लगभग 40 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण प्रतिदिन दो सत्रों में प्रात: 6 से 8 बजे तक और सायं 5 से 8 बजे तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन मुख्य कोच पटनायक, सहायक कोच रवि बागी और अनिल सिंह द्वारा किया गया। शिविर में बच्चों को वॉलीबॉल के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं से गहराई से अवगत कराया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि संघ के अध्यक्ष अनवर अली थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगलेश्वर सिंह ने की तथा विशेष अतिथि के रूप में श्री पंकज नायक एवं राजेन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे।
शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ खिलाड़ी रजत सिंह, श्रेष्ठ अनुशासनार्थी अर्थव सिंह, श्रेष्ठ उपस्थिति लक्ष्मी कांत तिवारी तथा मैदान संचालन में सहयोगी आयुष निषाद को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। साथ ही, प्रशिक्षकों पटनायक, बागी और अनिल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
सभी प्रतिभागी बच्चों को संघ की ओर से टी-शर्ट व टिफिन बॉक्स उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, सियान सदन के वरिष्ठजन तथा संघ के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के सचिव श्री रमाकांत निषाद ने किया। यह शिविर खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करने में सफल रहा।
