आकाश का बलिदान हमें प्रेरित करता है, हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक बस्तर को नक्सल-मुक्त न कर दें – सुंदरराज पी.
1 min read
Share this
जगदलपुर। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने सुकमा में नक्सलियों की आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के बलिदान को लेकर कहा कि नक्सलियों द्वारा किए गए कायराना हमले में एक ऐसे वीर योद्धा को खोना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जो हर चुनौती का साहस पूर्वक सामना करता था, यह बलिदान हमें भावुक करता है, और साथ ही हमारे कर्तव्य के प्रति हमारे संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाता है। सुंदरराज पी. ने स्पष्ट किया कि बलिदानी आकाश राव गिरपुंजे का सर्वोच्च बलिदान हमें प्रेरित करता है, और यह संदेश देता है, कि हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक बस्तर को पूरी तरह नक्सल-मुक्त न कर दें।
उन्होने कहा कि वर्तमान में नक्सली संगठन पूरी तरह से हतोत्साहित और कमजोर हो चुका है, और उसमें अब सीधे सुरक्षाबलों से टकराने की भी हिम्मत नहीं बची है। इसी कारण वे हमारे जांबाज़ जवानों, वीर योद्धा और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट, ग्रामीणों की हत्या और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसे कायरतापूर्ण षड्यंत्र रच रहे हैं । नक्सलियों का यह कायराना षड्यंत्र हमारे हौसले को कम नही कर सकता। हमारी यह अटूट प्रतिबद्धता है कि हम नक्सलवाद का समूल नाश करेंगे।
