महाप्रभु जगन्नाथ की मौसी माता गुंडीचा का घर बनाने नये सामुदायिक भवन के निर्माण का हुआ भूमिपूजन

1 min read
Share this

रायपुर। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने खम्हारडीह पुलिस थाना के समीप महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी की मौसी माता गुण्डीचा का घर बनाने विधायक निधि मद से 24 लाख रूपये की स्वीकृत लागत से नये सामुदायिक भवन का निर्माण एवं विकास कार्य का श्रीफल फोडकर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन किया।
पुरंदर मिश्रा ने जोन 3 जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल को महाप्रभु जगन्नाथ जी की मौसी जी माता गुण्डीचा का घर बनाने नया सामुदायिक भवन तैयार करने का कार्य जोन स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करते हुए उच्च स्तरीय गुणवत्ता सहित प्राथमिकता के साथ दिसम्बर 2025 तक शत – प्रतिशत पूर्ण करवाने के निर्देश दिये, ताकि वर्ष 2026 के श्री रथ यात्रा महापर्व में महाप्रभु श्री जगन्नाथ अपने गायत्री नगर धाम से पौराणिक परंपरा अनुसार निकलकर अपनी मौसी जी माता गुण्डीचा के निवास में पहुंचकर विश्राम कर समस्त भक्तजनों, आम जनता पर कृपा रायपुर शहर में बरसायें। उत्तर विधायक ने कहा कि वर्ष 2003 के बाद से महाप्रभु श्री जगन्नाथ की मौसी माता गुण्डीचा का घर बनाने प्रयास सतत जारी रहा। तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर राज्य शासन द्वारा इस हेतु भूमि का आबंटन किया गया। उसके बाद आज उक्त सामुदायिक भवन निर्माण हेतु कार्य का प्रारंभ किया गया है। इस हेतु उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने मंच में अपने गुरूजी पंडित छगन लाल तिवारी का दुपट्टा प्रदत्त कर सम्मान करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। भूमिपूजन कार्यक्रम का सम्पूर्ण संचालन नेताजी सुभासचंद्र बोस वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि श्री रोहित साहू एवं अंत में आभार प्रदर्शन नगर निगम जोन 3 जोन कमिश्नर श्री रमेश जायसवाल ने किया।