महतारी वंदन योजना की सूची से तीन माह में 700 महिलाएं हुई बाहर
1 min read
Share this
राजनांदगांव। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महतारी वंदन योजना की सूची से राजनांदगांव जिले से तीन माह में लगभग 700 महिलाएं बाहर हो गई हैं। फरवरी में आवेदन करने वाली महिलाओं की संख्या दो लाख 59 हजार 192 थी, जांच में कुछ महिलाएं अपात्र पाई गई थीं। जून में जिन महिलाओं के बैंक खाते में एक हजार रुपये की किस्त आई है उनकी संख्या दो लाख 58 हजार 474 ही है। महतारी वंदन योजना से बाहर होनी वाली महिलाओं में अधिकांश को मापदंडों से बाहर बता दिया गया। दस्तावेजी कमियां व त्रुटियों के चलते भी कई महिलाएं एक-दो किस्त पाने के बाद अपात्रों की सूची में चली गईं। शासन स्तर पर कराई जा रही जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ऐसा क्यों हो रहा है।
विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा सरकार ने फरवरी मध्य से आवेदन की प्रक्रिया शुरू कराई थी, जो माहांत तक चली। मार्च के दूसरे सप्ताह में महिलाओं के बैंक खातों में एक हजार रुपये की पहली किस्त आई। उसके बाद अप्रैल में कई महिलाओं के खातों में राशि ही नहीं आई। यही स्थिति मई और जून में भी रही। हर माह लाभार्थी महिलाओं की संख्या कम होती जा रही है। हालांकि सूची से बाहर हो रहीं महिलाओं में कुछ के एक से अधिक आवेदन की बात कही जा रही है, लेकिन भुगतान तो आधार लिंक वाले बैंक खातों में ही किया जा रहा है। ऐसे में इस तरह की गड़बड़ी संभव नहीं मानी जा रही। निधन के कारण कुछ महिलाओं के नाम अवश्य कटे हो सकते हैं, लेकिन हर माह औसतन 233 महिलाओं का नाम सूची से गायब होना किसी के समझ में नहीं आ रहा।