June 25, 2025

गहरी खाई में गिरी पिकअप, 18 लोगों ने गंवाई जान, 7 घायल

1 min read
Share this

कवर्धा। तेंदुपत्ता तोड़कर अपने गांव वापस पिकअप से लौट रहे मजदूर दुर्घटना की शिकार हो गए। सोमवार की दोपहर में हुई इस दुर्घटना में पिकअप वाहन गहरी खाई में अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे 18 मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 7 घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती किया गया हैं जहां उनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस गंभीर हादसे पर सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है और जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री अपने अन्य कार्यक्रमों को छोड़कर दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। इसी के साथ स्थानीय विधायक भावना बोहरा भी दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया हैं, वे इन दिनों चुनाव-प्रचार में झारखंड दौरे पर है।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार पिकअप क्रमांक सीजी 09 जेडी 5670 में सवार सभी 25 लोग जिले के ग्राम सेमहारा (कुई) के निवासी बताए जा रहे है जो कि तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए पास के जंगलों में गए थे और वापस लौटते समय उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बाहपाली इलाके में पिकअप चालक का वाहन पर से नियंत्रण नहीं रहा जिसकी वजह से पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे की सूचना वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तत्काल समीपस्थ पुलिस थाने को दी, सूचना मिलने पर पुलिस तथा राहत दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरु किया। दुर्घटना की भीषणता का पता इसी बात से चलता हैं कि खाई में गिरी पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए थे और घटनास्थल पर ही तब तक 15 लोगों की सांसे थम चुकी थी जिनमें 14 महिला शामिल हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शेष 7 घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टर और पुलिस कप्तान भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए थे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि थाना कुकदूर क्षेत्र के तहत ग्राम बाहपाली के पास पिकअप खाई में गिर गई है। पिकअप में लगभग 25 लोग सवार थे जो तेंदूपत्ता तोडऩे गए थे। सभी वापस आ रहे थे तभी ये हादसा हुआ है। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुई दुर्घटना में 18 ग्रामीणों के निधन एवं 4 के घायल होने का दु:खद समाचार प्राप्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश जि़ला प्रशासन को दिए गए है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने जताया दुख
कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुख जताया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया “एक्स” पर ट्वीट करते हुए लिखा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और बताया कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीडि़तों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।