सुकमा। जिले के कोंटा विधानसभा सीट से विधायक कवासी लखमा के क्षेत्र में गैरहाजिर रहने को लेकर तीन सरपंचों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्राम पंचायत गोंडपल्ली, गोंडेरास और अफड़ी के सरपंचों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विधायक की क्षेत्र में मौजूदगी और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में सरपंचों ने दावा किया है कि कवासी लखमा लगभग दो वर्षों से क्षेत्रीय दौरा और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आए हैं। जिसमें आम जनता को अपनी समस्याओं को अवगत कराने में कठिनाई हो रही है।
कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में सरपंचों ने लिखा है कि कोंटा विधायक कवासी लखमा कोंटा विधानसभा क्षेत्र से दो सालों से लापता हैं। हमारे क्षेत्र में क्षेत्र सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं वन अधिकारी से संबंधित अनेक जनसमस्याएं लंबित हैं। जिनके निराकरण के लिए आज आम जनता को विधायक की आवश्यता है। जनता में यह जिज्ञासा एवं चिंता है कि कोंटा विधायक गुमशुदा होने के संबंध में आज तक जनता को शासन-प्रशासन ने जानकारी नहीं दी है कि कोंटा विधायक कहां हैं? सरपंचों ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि हमारे विधायक को खोजकर तत्काल जानकारी देने की कृपा करें।
उल्लेखनिय है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा को आरोपी बनाया है। इस मामले में कवासी लखमा जेल में भी थे। सुप्रीम कोर्ट ने 03 फरवरी 2026 को कवासी लखमा को शराब घोटाले से जुड़े ईओडब्लयू-एसीबी और ईडी के दोनों मामलों में अंतरिम जमानत दी थी। हालांकि जमानत देते समय कोर्ट ने विशेष शर्त रखी थी। कोर्ट ने कहा था कि कवासी लखमा कोर्ट की पेशी के अलावा छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। सुनवाई से एक दिन पहले राज्य में आने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट विशेष अदालत में जमा करना है, और विदेश यात्रा पर रोक लगाई गई है। जानकारी के अनुसार, कवासी लखमा अभी सुकमा और ओडिशा से सटे किसी जिले में रह रहे हैं।