November 27, 2026

चांशल की पहाडिय़ों में 14,830 फीट की ऊंचाई पर पहुंचे एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर, बढ़ाया बस्तर का गौरव

1 min read
Share this

जगदलपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के एनएसएस कैडेट साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर के एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाडिय़ों में लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पैदल ट्रेकिंग कर समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का शानदार परिचय दिया।
दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच यह ट्रेकिंग कैडेट के लिए एक बड़ी साहसिक उपलब्धि रही। हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच इस ऊंचाई तक पहुंचना उनके लिए जीवन का यादगार अनुभव बन गया। इस दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाडिय़ों में राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित किया। बस्तर की धरती से निकलकर हिमाचल प्रदेश की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं तक पहुंचकर उन्होंने अपने महाविद्यालय, बस्तर जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव बढ़ाया।
हिमाचल प्रदेश के रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में आयोजित इस 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में कैडेटों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग, रस्सियों के सहारे पहाड़ी गतिविधियां, टीम वर्क, अनुशासन एवं आपसी सहयोग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, शारीरिक दक्षता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है।
इस उपलब्धि के लिए शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय के एनएसएस कैडेट लगातार सामाजिक, शैक्षणिक और साहसिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल समाज सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा, सहयोग और व्यक्तित्व विकास की भावना विकसित करना भी है। चांशल की पहाडिय़ों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर भुवनेश्वर कश्यप ने साहसिक गतिविधियों में अपनी रुचि और क्षमता का परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

This will close in 0 seconds