किसान पर मादा भालू ने किया हमला, घायल
1 min read
Share this
कांकेर। जिले के चारामा तहसील अंर्तगत ग्राम मुड़धोवा में शुक्रवार सुबह खेत में धान की कटाई के बाद धान का गठ्ठर ले जा रहे एक किसान पर मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। घायल किसान को उपचार के लिए कांकेर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार किसान धान की कटाई के बाद खेत से धान का गठ्ठर ले जाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वहां पहुंची मादा भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से किसान की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख भालू जंगल की तरफ भाग गया। हमले में किसान बुरी तरह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद घायल किसान को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने संजीवनी 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर मदद मांगी, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं व्यवस्था कर घायल किसान को कांकेर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल किसान के परिजनों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही पर निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने और घायल किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।

