November 20, 2026

वेस्ट डंपिंग जोन में बड़े भूस्खलन से लोहागांव को किरंदुल से जोडऩे वाली बंद हुई सड़क

1 min read
Share this
दंतेवाड़ा। जिले के एनएमडीसी किरंदुल की खदानों से निकलने वाला वेस्ट मटेरियल (कचरा) जिस पहाड़ी क्षेत्र में डंप किया जा रहा था, वही पहाड़ी धंस गई है। डिपॉजिट-14 के वेस्ट डंपिंग जोन में हुए इस बड़े भूस्खलन (लैंडस्लाइड ) से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे आ गया। इससे लोहागांव जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। अचानक हुए इस भूस्खलन से पूरे क्षेत्र में खनन मलबा और मिट्टी फैल गई है। इसकी चपेट में आकर बड़ी संख्या में उस इलाके के पेड़-पौधों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। इस भूस्खलन का बुरा असर लोहा गांव के लोगों पर पड़ा है। लोहागांव को किरंदुल से जोडऩे वाली मुख्य सड़क मलबे में बह गई। दूसरा रास्ता नही होने से ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। फिलहाल एनएमडीसी के इंजीनियरों और मजदूरों की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम रास्ते से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। बाधित मार्ग को बहाल करने का प्रयास जारी है। जिस स्थान पर खदानों का वेस्ट मटेरियल जमा किया जा रहा था, उसी पहाड़ी के धंसने से कंपनी की डंपिंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विदित हो कि किरंदुल के खनन क्षेत्र में पहले भी ऐसे कई बड़े हादसे हो चुके हैं। साल 2024 में डिपॉजिट 11-सी के टैंक की दीवार टूटने से बाढ़ आई थी। उस वक्त कई घर बर्बाद हुए थे, और लोगों को भागना पड़ा था। इसके अलावा पहाड़ी ढहने से चार मजदूरों की जान भी जा चुकी है। बार-बार हो रहे हादसों ने कंपनी की निगरानी पर सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद दंतेवाड़ा कलेक्टर, पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया। बचेली के एसडीएम और डीएफओ जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। सुरक्षा का हवाला देकर मीडिया और नेताओं को मौके पर जाने से रोका गया है। जांच के बाद ही डंप ढहने की असली वजह साफ हो पाएगी।

This will close in 0 seconds