अस्पताल में तोडफ़ोड़ करने वाले 14 आरोपी गिरफ्तार
1 min read
Share this
कांकेर। जिले के कापसी में बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने प्राइवेट अस्पताल में घुसकर तोड़-फोड़ करके स्टाफ को बंधक बनाया था। इस मामले में पखांजूर पुलिस ने मामले में शामिल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अस्पताल में जमकर उत्पात मचाते हुए सीसीटीवी, दरवाजे, खिड़कियां, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, एसी, कूलर और फर्नीचर सहित कई सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
मामला पखांजूर क्षेत्र के कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल का है। पुलिस के मुताबिक 27 मई 2026 की सुबह करीब 08 बजे एक बच्चे की मौत के बाद आस-पास के गांवों के कुछ लोग एकजुट होकर अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जबरन अस्पताल में प्रवेश कर स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए अस्पताल परिसर में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी. इस दौरान अस्पताल की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के संबंध में अस्पताल से जुड़े प्रार्थी सुनील हलदार ने 14 जून 2026 को थाना पखांजूर में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की अलग- अलग धाराओं सहित छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम 2016 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर तेज कुमार वर्मा सहित गोण्डाहूर और बडग़ांव के थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा डीआरजी बल का यओगदान रहा।
एएसपी राकेश कुमार कुर्रे ने बताया कि थाना प्रभारी तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर तोडफ़ोड़ में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया है।

