केशकाल घाट के तीसरे मोड़ पर में लगा लंबा जाम, दो एंबुलेंस व यात्री बसें फंसीं
1 min read
Share this
कोंड़ागांव। जिले के केशकाल घाट बस्तर संभाग को प्रदेश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। मंगलवार दोपहर में केशकाल घाट के तीसरे मोड़ पर गाड़ी खऱाब होने के साथ ही ओवरटेकिंग की होड़ के चलते लंबा जाम लग गया। घाट के घुमावदार और संकरे रास्ते पर वाहन चालकों द्वारा जल्दबाजी में एक-दूसरे से आगे निकलने के प्रयास ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। देखते ही देखते घाट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सबसे चिंताजनक स्थिति दो एम्बुलेंस के फंसे होने की है, क्योंकि आपातकालीन परिस्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में जाम के कारण उपचार में देरी होने से मरीज के परिजन परेशान रहे।
केशकाल घाट के तीसरे मोड़ पर एक वाहन खराब हो जाने से स्थिति और बिगड़ गई। संकरे मोड़ पर वाहन खराब होने के चलते अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया और देखते ही देखते जाम ने विकराल रूप ले लिया। जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ एम्बुलेंस भी फंसी रही, जिससे आपातकालीन सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई। केशकाल घाट में बार-बार लगने वाला जाम अब आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में घाट पर ओवरटेकिंग पर प्रभावी नियंत्रण और खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है।
केशकाल घाट में लगे मेगा जाम को खुलवाने के लिए पुलिस विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हो गई है। पुलिस जवानों द्वारा मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घाट के संकरे और घुमावदार रास्ते पर ओवरटेकिंग के कारण उत्पन्न हुई जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी वाहन चालकों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पुलिस की सक्रियता से यातायात बहाल करने की कोशिश जारी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से संयम बरतने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है।

