Home Page Popup
November 17, 2026

आईआईएम रायपुर के रिसर्च समर स्कूल-2027 के लिए आवेदन आमंत्रित, 25 शोधकर्ताओं को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

1 min read
Share this

रायपुर। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर ने रिसर्च समर स्कूल-2027 के दूसरे संस्करण की घोषणा करते हुए आवेदन आमंत्रित किए हैं। 23 अप्रैल से 3 मई 2027 तक आयोजित होने वाला यह 10 दिवसीय कार्यक्रम संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और पेशेवरों को वित्त, लेखांकन एवं अर्थशास्त्र के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए उन्नत प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करेगा। कार्यक्रम का आयोजन आईआईएम रायपुर के नया रायपुर परिसर में प्रत्यक्ष तथा ऑनलाइन सत्रों के माध्यम से किया जाएगा।

आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक डॉ. संजीव पराशर ने इस पहल के महत्व पर कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध केवल आंकड़े एकत्र करने या जटिल शोध पद्धतियों को अपनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण प्रश्नों की पहचान करना और ऐसे निष्कर्ष सामने लाना है, जो वास्तविक बदलाव ला सकें। उन्होंने कहा कि रिसर्च समर स्कूल के माध्यम से शोधार्थियों को नए विचारों की पड़ताल करने, अनुभवी विद्वानों से सीखने और व्यवसाय एवं अर्थव्यवस्था की बेहतर समझ विकसित करने वाले शोध कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। ऐसी पहल अकादमिक शोध और वास्तविक दुनिया में निर्णय लेने की प्रक्रियाओं के बीच संबंध को मजबूत करती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत अर्थमिति (एडवांस्ड इकोनोमेट्रिक्स), मशीन लर्निंग और वित्तीय डेटा विश्लेषण की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत वास्तविक वित्तीय आंकड़ों के विश्लेषण के माध्यम से व्यावसायिक निवेश संबंधी निर्णयों, बैंकिंग क्षेत्र में जोखिम प्रबंधन तथा वित्तीय सेवाओं पर प्रौद्योगिकी के प्रभाव को समझने का अवसर मिलेगा। कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों, परिचर्चाओं और निर्देशित अभ्यास सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावसायिक एवं आर्थिक रुझानों का विश्लेषण करने और आंकड़ों के आधार पर विश्वसनीय शोध निष्कर्ष विकसित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता शोधपत्र लेखन और प्रकाशन संबंधी व्यक्तिगत मार्गदर्शन होगा। अनुभवी विद्वान प्रतिभागियों के शोध विचारों और पांडुलिपियों (मैनुस्क्रिप्ट) की समीक्षा करेंगे तथा उन्हें शोध की गुणवत्ता, अकादमिक प्रस्तुति और प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन की संभावनाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देंगे। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को वित्तीय डेटाबेस तक पहुंच, अकादमिक एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञों से संवाद और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय विद्वानों के साथ विचारों के आदान-प्रदान का अवसर भी मिलेगा।

आईआईएम रायपुर के अनुभवी संकाय सदस्यों द्वारा तैयार इस कार्यक्रम का संचालन वित्त एवं लेखांकन क्षेत्र के तीन विशेषज्ञ करेंगे। इनमें कार्यक्रम निदेशक डॉ. योगेश चौहान, एसोसिएट प्रोफेसर; डॉ. राजेश पाठक, एसोसिएट प्रोफेसर तथा डॉ. प्रदीप्तरथी पांडा, सहायक प्रोफेसर शामिल हैं।

कार्यक्रम में अधिकतम 25 शोधार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा, ताकि प्रत्येक प्रतिभागी को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का पर्याप्त अवसर मिल सके। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न संस्थानों के शोधकर्ताओं को एक साझा अकादमिक मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने शोध विचारों का आदान-प्रदान करने के साथ ही व्यवसाय एवं अर्थव्यवस्था से जुड़ी समकालीन चुनौतियों के समाधान पर केंद्रित गुणवत्तापूर्ण शोध को प्रोत्साहित कर सकें।

पंजीकरण 18 अप्रैल, 2027 तक खुले रहेंगे। अर्ली-बर्ड (Early-bird) पंजीकरण की समय सीमा 31 जनवरी, 2027 तक है। कार्यक्रम के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया देखें:  https://iimraipur.ac.in/research-summer-school-2027