Home Page Popup

महारा समाज ने धरमपुरा में मरघट पर कब्जा करने का लगाया आरोप, सौंपा ज्ञापन

1 min read
Share this

जगदलपुर। जिला मुख्यालय के धरमपुरा क्षेत्र में महारा समाज के लोगों ने कुछ लोगों पर मरघट (श्मशान भूमि) पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस मामले को लेकर आज सोमवार को महारा समाज के सदस्य बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
समाज के लोगों का कहना है कि मरघट केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि समाज की वर्षों पुरानी परंपरा, आस्था और सामाजिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। पीढिय़ों से इस भूमि का उपयोग समाज के लोग अंतिम संस्कार के लिए करते आ रहे हैं। ऐसे में इस भूमि पर कथित रूप से कब्जा किए जाने की कोशिश से समाज में नाराजगी और चिंता का माहौल है। ज्ञापन के माध्यम से समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों की जांच कराई जाए तथा जमीन की वास्तविक स्थिति का सीमांकन किया जाए। यदि जांच में अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर मरघट की भूमि को सुरक्षित किया जाए। समाज के लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि भविष्य में श्मशान भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो, इसके लिए आवश्यक सीमांकन और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जाए।श्मशान भूमि जैसे सार्वजनिक एवं सामाजिक उपयोग के स्थानों को सुरक्षित रखना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।