धान खरीदी में गड़बड़ी की आशंका पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 282 बोरी धान जब्त
1 min read
Share this
00 संयुक्त जांच दल की कार्रवाई, खोडरी और गौरेला उपार्जन केंद्रों में 119 क्विंटल धान जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन द्वारा सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। किसानों के हितों की सुरक्षा और बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो धान उपार्जन केंद्रों से कुल 282 बोरी, लगभग 119 क्विंटल धान जब्त किया है।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में सोमवार को राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के संयुक्त जांच दलों ने धान उपार्जन केंद्र खोडरी और गौरेला में जांच की। इस दौरान ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाए जाने तथा बिचौलियों के माध्यम से धान खपाए जाने की आशंका के आधार पर जब्ती की कार्रवाई की गई। धान उपार्जन केंद्र खोडरी में संयुक्त जांच दल ने समिति कर्मचारियों की उपस्थिति में किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच की। जांच के दौरान दो किसानों द्वारा ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान उपार्जन केंद्र में लाया जाना पाया गया। जांच दल द्वारा संबंधित व्यक्तियों से धान के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, लेकिन उनके द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने से संदेह की स्थिति उत्पन्न हुई। जांच के दौरान बिचौलियों के माध्यम से उपार्जन केंद्र में धान खपाए जाने की प्रबल आशंका सामने आने पर संयुक्त दल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया।
इस कार्रवाई के अंतर्गत नरेंद्र सिंह राठौर से 40 बोरी, लगभग 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी प्रकार हेमबाई राठौर, नामिनी राजेश कुमार राठौर से 200 बोरी, लगभग 80 क्विंटल धान जब्त किया गया। इस तरह खोडरी उपार्जन केंद्र में कुल 240 बोरी, लगभग 100 क्विंटल धान की जब्ती की कार्रवाई की गई। इसी क्रम में धान उपार्जन केंद्र गौरेला में भी प्रशासनिक जांच दल द्वारा कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला एवं कृषि नोडल अधिकारी गौरेला के संयुक्त दल ने उपार्जन केंद्र में विक्रय के लिए लाए गए धान की जांच की। जांच के दौरान ग्राम आंदुल (भदौरा) निवासी कृषक श्री पून्नू लाल द्वारा ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाया जाना पाया गया। धान की प्रकृति एवं गुणवत्ता को लेकर उत्पन्न संदेह के आधार पर जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 42 बोरी, लगभग 19 क्विंटल धान जब्त किया। जब्त किए गए धान को समिति प्रबंधक गौरेला की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। इस प्रकार दोनों उपार्जन केंद्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 282 बोरी धान जब्त किया गया।

