एनआईटी रायपुर में नासा के वैश्विक स्पेस एप्स चैलेंज का शुभारंभ, 450 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन
1 min read
Share this
*48 घंटे की हैकाथॉन में देशभर के युवा नवाचारी पृथ्वी और अंतरिक्ष से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के समाधान विकसित करेंगे*
रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में शनिवार को दो दिवसीय नासा इंटरनेशनल स्पेस एप्स चैलेंज 2026 का शुभारंभ हुआ। पृथ्वी और अंतरिक्ष अन्वेषण से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस 48 घंटे की वैश्विक हैकाथॉन में देशभर से 450 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। संस्थान के सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE) और इनोवेशन सेल (I-Cell) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से हिस्सा ले रहे हैं। नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) के सहयोग से स्थानीय आयोजन केंद्र (लोकल लीड) के रूप में एनआईटी रायपुर युवा प्रतिभाओं को नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता प्रदर्शित करने के लिए वैश्विक मंच प्रदान कर रहा है।
उदघाटन मारोह में एनआईटी रायपुर के करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी, COSINE के मेंटर डॉ. शुभाशीष सान्याल, एनालॉग एस्ट्रोनॉट श्री लुमेश साहू, श्री अर्चित ओझा, संकाय सदस्य और प्रतिभागी टीमें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन COSINE के प्रमुख एवं इनोवेशन सेल के फैकल्टी प्रभारी डॉ. सौरभ गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
डॉ. गुप्ता ने इस चुनौती के माध्यम से मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय अवसरों की जानकारी दी और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान की शैक्षणिक योजनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि संस्थान में स्नातक स्तर पर वैकल्पिक पाठ्यक्रम संचालित हैं और इस क्षेत्र में नए स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू करने की योजना है। श्री साहू ने क्वांटम प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष स्वास्थ्य और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे उभरते क्षेत्रों में COSINE की अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। इन पहलों के तहत 62 लाख रुपये से अधिक के अनुसंधान अनुदान प्राप्त हुए हैं और तीन पेटेंट हासिल किए गए हैं।
श्री अर्चित ओझा ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक और व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने कार्यों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने और लिंक्डइन तथा गिटहब जैसे पेशेवर मंचों पर उपलब्धियों को प्रदर्शित करने की सलाह दी। डॉ. शुभाशीष सान्याल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान में सतत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों की क्षमताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान में उद्यमिता, पेटेंट और स्टार्टअप से संबंधित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है, ताकि विद्यार्थी अपने नवाचारी विचारों को व्यवहार्य उद्यमों में बदल सकें।
डॉ. समीर बाजपेयी ने प्रतिभागियों को भविष्य के नेतृत्वकर्ता और नवाचारी बताते हुए तेजी से बदलती तकनीक के दौर में निरंतर कौशल विकास को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन को नवाचार की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से ऐसे तकनीकी समाधान विकसित करने का आह्वान किया, जिनमें सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक प्रभावों का भी ध्यान रखा जाए।
यह आयोजन युवाओं में वैज्ञानिक जिज्ञासा, बहुविषयक सहयोग और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से वैश्विक चुनौतियों के समाधान में योगदान देने के अवसर प्रदान करेगा।

