September 12, 2026

छत्तीसगढ़ में एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान : उप मुख्यमंत्री साव

1 min read
Share this

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष*

*जगदलपुर में जलेंगे सवा लाख आशीर्वाद दीये, दो स्थानों पर लगेंगे रक्तदान शिविर : अरुण साव*

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा के पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ में चलेगा सेवा संकल्प अभियान*

जगदलपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में (राज्य और केंद्र में) 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जिला भाजपा कार्यालय, जगदलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा मनाया जाता था। इस बार शासन प्रमुख के रूप में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। 7 अक्टूबर को श्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि लगातार 25 वर्षों तक राज्य और देश की सेवा करना अपने आप में अद्वितीय उपलब्धि है।

श्री साव ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी ने अनेक चुनौतियों के बीच विकास की मजबूत नींव रखी। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद देश ने भी परिवर्तन देखी। गरीबों के लिए पक्के मकान, शौचालय, घर-घर पेयजल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और देश की अर्थव्यवस्था, रक्षा, शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं में व्यापक प्रगति हुई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आयातक से निर्यातक देश बना है। देश की वैश्विक साख मजबूत हुई है। युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं। आईआईटी और एम्स जैसे संस्थानों का विस्तार हुआ है। ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से देश की सुरक्षा नीति में दृढ़ता का संदेश गया है। वहीं 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न और करोड़ों परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम हुआ है।

श्री साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ और बस्तर में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान 12 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम होंगे। राज्य, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित हो चुकी हैं। सभी कार्यक्रमों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। राज्य सरकार की ओर से भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे एक महीने तक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा।

श्री साव ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। जगदलपुर शहर में एक स्थान पर सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और भव्य रंगोली बनाई जाएगी। इसी दिन दो अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं है, यह प्रत्येक व्यक्ति को सेवा के संकल्प से जोड़ने का व्यापक जनअभियान है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को छत्तीसगढ़ और बस्तर में सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

*प्रदेश में 12 सेवा संकल्प अभियान चलाए जाएंगे*

1.आशीर्वाद का दीया 2.मेरे सपनों का भारत 3.नमो सेवा गाथा 4.आंगन मिलन 5.सेवा की कहानी 6. विकसित भारत संकल्प यात्रा 7. सेवा ज्योति कलश यात्रा 8. सेवा मेरा योगदान 9.सेवा सेतु अभियान 10. सेवा के रंग, राष्ट्र के संग 11.सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 12. सुशासन सेवा संवाद