झुग्गी बस्ती के बच्चों के लिए संत ज्ञानेश्वर स्कूल में लगी संस्कार क्लास
1 min read
Share this
*महाराष्ट्र मंडल के बाल संस्कार अभियान की गतिविधियां फिर पकड़ रही गति*
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में झुग्गी बस्ती क्षेत्र के बच्चों के लिए संस्कार शाला लगाई गई। इसमें शिक्षिका शोभा मोहता ने बच्चों से खुलकर बात की, उनकी दिनचर्या जानी और उन्हें संस्कार की कई अच्छी बातें भी बताईं और बच्चों को रोचक खेल भी खिलाए गए।
मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि 22 अगस्त को ही गौरव अलंकरण सम्मान से नवाजीं गई शिक्षाविद व महाराष्ट्र मंडल की सभासद शोभा मोहता ने विद्यालय प्रांगण में प्रियदर्शिनी नगर के उड़िया बस्ती स्लम एरिया के बच्चों को संस्कार शाला में पढ़ाया। बातचीत के दौरान बच्चों ने अपने-अपने तरीके से अपनी-अपनी दिनचर्या बताई। उनकी बातें सुनकर शोभा ने सबको जीवन में व्यायाम का महत्व समझाया और उन्हें प्रतिदिन सुबह उठकर व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया।

विशाखा तोपखानेवाले ने आगे बताया कि उन्होंने बच्चों को एक-एक अल्फाबेट से संबंधित पांच-पांच शब्द बच्चों को कहने का टास्क दिया, जैसे ए फॉर एप्पल, ए फॉर एरोप्लेन, ए फॉर एप्लीकेशन। इस तरह अंग्रेजी के एक-एक कैरेक्टर पर पांच-पांच शब्द का उच्चारण बच्चों से करवाया। शोभा मोहता ने बच्चों को गिनती सिखाई और पोयम का अभ्यास भी करवाया। क्लास के अंतिम चरण में सभी बच्चों के बीच कई मजेदार गेम करवाए। इनमें विजेता बच्चों को प्राइज देकर प्रोत्साहित किया। समापन के बाद घर लौटते हुए बच्चों ने स्वस्फूर्त पूछा कि मैडल अगली कक्षा कब लगेगी।
