Home Page Popup

अब बाहर रिपोर्टिंग के लिये जाने पर लेनी होगी ऐनओसी

1 min read
Share this

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में विदेशी पत्रकारों पर नकेल कसते हुए उन्हे अब रिपोर्टिंग के लिए बाहर जाने हेतु सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना होगा। बुधवार को पाक सरकार ने विदेशी मीडिया कर्मियों पर नई पाबंदियां लगाई जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय समाचार संगठनों के लिए काम करने वाले पत्रकारों को रिपोर्टिंग के काम से इस्लामाबाद, लाहौर और करांची से बाहर जाने से पहले नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) लेना होगा

पाकिस्तान ने विदेशी मीडिया पर अपना नियंत्रण कड़ा कर दिया है। इसके लिए जारी नए नियमों के अंतर्गत विदेशी पत्रकारों को देश के अधिकांश हिस्सों से रिपोर्टिंग करने से पहले सरकार से पूर्व अनुमति लेनी होगी। पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन और दमनकारी कार्रवाई से निपटने के तरीके को लेकर पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच के दायरे में है। मानवाधिकार समूहों और प्रेस स्वतंत्रता संगठनों ने पत्रकारों और इंटरनेट पर प्रतिबंध तथा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग को लेकर चिंता व्यक्त की है। पाकिस्तान ने अपने कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में दमनकारी कार्रवाई की कवरेज को लेकर हाल में कई समाचार माध्यमों पर प्रतिबंध लगा दिया था।

नए नियमों के अंतर्गत विदेशी पत्रकार केवल इस्लामाबाद, लाहौर और कराची में ही स्वतंत्र रूप से काम कर सकते हैं। अन्य किसी भी स्थान पर रिपोर्टिंग के लिए सरकार से पूर्व अनुमति लेनी होगी एमनेस्टी इंटरनेशनल और कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स सहित अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने पाकिस्तान से प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने और दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच कराने का आग्रह किया है।

पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी नई गाइडलाइंस में देश में काम करने वाले विदेशी मीडिया संगठनों और पत्रकारों के रजिस्ट्रेशन, मान्यता और आवाजाही के लिए एक विस्तृत ढांचा तैयार किया गया है।

नये नियमों के मुताबिक, इस्लामाबाद, लाहौर और करांची के अंदर यात्रा करने पर पत्रकारों को एनओसी लेने की जरूरत नहीं है। एबटाबाद और मरी की निजी यात्रा के लिए वे मंत्रालय के एक्सटर्नल पब्लिसिटी विंग के जरिए एनओसी के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीद है कि तीन कामकाजी दिनों के भीतर मंजूरी मिल जाएगी।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय ने कहा, “विदेश में रहने वाले, विदेशी मीडिया के लिए काम करने वाले और रजिस्ट्रेशन चाहने वाले सभी पाकिस्तानी पत्रकारों को ईपी विंग पोर्टल के जरिए अपना आवेदन जमा करना होगा। साथ ही उन्हें पाकिस्तान के मिशन, वाणिज्य दूतावास, उच्चायोग या दूतावास में तैनात सबसे करीबी प्रेस अताशे, काउंसलर या मंत्री के जरिए भी अपना मामला आगे बढ़ाना होगा।”

इसके अलावा, इन गाइडलाइंस के तहत पाकिस्तान में काम करने वाली सभी कंपनियों, संस्थाओं, प्रोडक्शन हाउस और दूसरे संगठनों के लिए यह जरूरी है कि वे विदेशी मीडिया को किसी भी तरह से मदद देने पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के पब्लिसिटी विंग के पास रजिस्ट्रेशन कराएं।