संसार रूपी सागर को पार करने गुरु की शरण में जाना होगा : स्वामी आनंद चैतन्य

1 min read
Share this

*अग्रसेन भवन में संपन्न हुआ गुरु पूर्णिमा महोत्सव*

राजनांदगांव।श्रीमत परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनंत श्री विभूषित, आनंद कृष्ण धाम हरिद्वार के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी आनंद चैतन्य जी सरस्वती के सानिध्य में आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव राजनांदगांव के श्री अग्रसेन भवन में

गुरुदेव भक्त मंडल के तत्वाधान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव का शुभारंभ पूज्य गुरुदेव भगवान स्वामी आनंद चैतन्य जी सरस्वती द्वारा आदिगुरु शंकराचार्य जी भगवान एवं अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन त्रिजनानंद जी सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनके पूजन के साथ हुआ। तत्पश्चात् पूज्य स्वामी जी महाराज ने गुरु महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आप सभी सौभागशाली हो, जिन्हें गुरुपूर्णिमा के दिन अपने गुरुदेव भगवान के चरणों का साक्षात पूजन करने का अवसर प्राप्त हुआ है । गुरु के चरणों की पूजा कि महत्ता बताते हुए स्वामी जी ने कहा कि गुरु के चरण का प्रक्षालन ही क्यो ? यह शरीर के सबसे नीचे का अंग होता है , फिर भी पूजनीय है, क्यो ? यह प्रश्न उपस्थित होता है। आदि गुरु भगवान शंकराचार्य जी कहते हैं कि संसाररूपी सागर में आदमी गोते खा रहा है , उसके बचने का क्या रास्ता है। संसार रूपी सागर बड़ा भयंकर है। वहीं एक भवसागर भी है संसाररूपी सागर को पार करने के लिए भवसागर में डूबना आवश्यक है। डूबते व्यक्ति के लिए गुरु की चरण रूपी नौका मैं बैठ जावेंगे तो वह भवसागर पार कर देगी। वेद में बताया गया है कि गुरु के चरणों की वंदना कर उनके चरण में लेट जावे, उनके पास जाकर शीश झुका कर बैठ जावे। जिस प्रकार कुएं से पानी भरना हो तो बाल्टी को झुकना पड़ता है, बाल्टी से लोटे को भरना हो तो लोटे को झुकना पड़ता है। इसी प्रकार आदिगुरु शंकराचार्य भगवान कहते हैं कि मनुष्य गुरु के समक्ष झुक जावे तो गुरु की कृपा से वह भवसागर रुपी पर कर सकता है।

गुरुदेव भक्त मंडल के अशोक लोहिया एवं लक्ष्मण लोहिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पूज्य स्वामी जी ने कहा कि सनातन धर्म का सबसे छोटा ग्रंथ हनुमान चालीसा है। इसमें भी प्रथम दोहे में “श्री गुरु चरण सरोज रज,निज मन मुकुर सुधार। वर्णव रघुवर विमल यस, जो दायक फल चार “।। इस दोहे के अनुसार भी गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं की श्री गुरु चरण के राज को मस्तक पर लगावे तो चार फल धर्म,अर्थ, काम एवं मोक्ष प्राप्त हो जाएंगे। धर्म, अर्थ एवं काम सहज है, किंतु मोक्ष दुर्लभ है। जो कि गुरु के पादुका पूजन से प्राप्त हो सकती है। अहिल्या उद्धार में भी श्री राम के चरण स्पर्श की महिमा बताई गई है। पंचदर्शी वेदांत की व्याख्या करते हुए स्वामी जी ने कहा कि स्वामी विद्यानंद जी ने लिखा है कि गुरुदेव के चरण का एक ही काम है वह है मोह, ममता, आसक्ति जैसे विकारों को समाप्त कर दे। समुद्र के अंदर मगर होता है जो समुद्र के अंदर रहने वाले छोटे जीव जंतुओं को खा लेता है। उसी प्रकार गुरु चरण में जो व्यक्ति जल अर्पित कर अपने मस्तक को चरणों में समर्पित करता है, चरणों का स्पर्श करता है। तो उसके समस्त मोह, ममता, पाप, आशक्ति समाप्त हो जाती है। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में गुरु का होना परम् आवश्यक है।

गुरु आशीर्वचन के पश्चात् श्री अग्रसेन भवन में उपस्थित सैकड़ों शिष्यों ने पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी आनंद चैतन्य जी सरस्वती के चरणों का पूजन कर, अपनी श्रद्धा रूपी भेंट गुरुदेव को समर्पित की एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। उपस्थित सभी शिष्यों ने गुरु प्रसादी प्राप्त की। महोत्सव में दिल्ली, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, खैरागढ़, उसरीबोड, मोहड़ इत्यादि से भी बड़ी संख्या में शिष्यों का आगमन हुआ। सभी ने गुरु पूजन कर अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु गुरुदेव भगवान के समक्ष अपनी अर्जी लगाई।

 

This will close in 0 seconds