November 26, 2026

तीज महोत्सव, संक्राति, महिला दिवस, महिला उत्सव पर होगा भव्य आयोजन

1 min read
Share this

*महाराष्ट्र मंडल परिसर में 17 महिला केंद्रों की बैठक में महिला प्रमुख विशाखा ने भावी कार्यक्रमों की तय की रूपरेखा*

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सक्रिय 17 केंद्रों की सदस्यों की इस वर्ष की कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण के बाद हुई पहली बैठक में महिलाएं ऊर्जा से सराबोर नजर आईं।महिला केंद्रों की ओर से इस वर्ष तीज महोत्सव, संक्रांति, महिला दिवस और महिला उत्सव पर वृहद स्तर का आयोजन किया जाएगा। महिला प्रमुख ने इन चारों बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी अलग- अलग महिला केंद्र को सौंप दी है। वहीं उन्होंने मंडल के नए सदस्य जोड़ने और महाराष्ट्र मंडल को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में काम करने की बात भी सभी महिला सदस्यों से की है।

महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बैठक में आई सभी केंद्रों की संयोजिका और सह संयोजिकाओं से कहा कि सभी अपने केंद्रों में प्रत्येक रविवार को बाल संस्कार शिविर लगाएं। केंद्र की महिलाएं निचली बस्ती में जाकर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों में संस्कार रोपित करें। जरूरत पड़ने पर उनकी आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से मदद भी करें। प्रत्येक शनिवार को राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का पाठ नियमित रूप से करें। उन्होंने सभी से अपने- अपने केंद्र के वरिष्ठ जनों के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से कहा कि प्रत्येक माह होने वाली केंद्रों की बैठक की संपूर्ण जानकारी मंडल मुख्यालय में जरूर दें।

कार्यकारिणाी सदस्‍य मालती मिश्रा ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र मंडल में तीज महोत्सव, मकर संक्राति, महिला दिवस और महिला उत्सव पर बड़े आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए तीज महोत्सव की जिम्मेदारी वल्लभ नगर, सिविल लाइन, अमलीडीह, बूढ़ापारा और तात्यापारा केंद्र की महिलाओं को संयुक्त रूप से दिया गया है। वहीं संक्राति के आयोजन की जिम्मेदारी टाटीबंध, सरोना, कोटा और चौबे कालोनी केंद्र को सौंपी गई है। महिला उत्सव का जिम्मा शंकर नगर, अवंती विहार, देवेंद्र नगर और सड्डू- मोवा केंद्र को और महिला दिवस आयोजित करने की काम रोहिणीपुरम, डंगनिया, सुंदर नगर और कमल विहार केंद्र द्वारा किया जाएगा।

मंडल की उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल के अनुसार इस बार पांच उप महिला प्रमुख का मनोनयन भी किया गया है। अपर्णा देशमुख को शंकर नगर, देवेंद्र नगर, अवंती विहार और सड्डू-मोवा का जिम्मा दिया गया है। वहीं रेणुका पुराणिक को वल्लभ नगर, सिविल लाइन और अमलीडीह का प्रभार दिया गया है। मनीषा वरवंडकर को रोहिणीपुरम, डंगनिया और सुंदर नगर केंद्र का प्रभार दिया गया है। प्रिया बक्षी को चौबे कालोनी, तात्यापारा और बूढ़ापारा का प्रभार दिया गया है। वहीं रश्मि गोवर्धन को टाटीबंध, कोटा और सरोना की जिम्मेदारी दी गई है।

गीता दलाल ने कहा कि नौ अगस्त को महाराष्‍ट्र मंडल की क्रीडा और कोराओके समिति नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता आयोजि‍त कर रही है। इस आयोजन में सभी केंद्रों की सदस्‍यों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने सभी से कहा कि आपके परिचय में कोई गायन में रुचि रखने वाला होगा, तो अंताक्षरी स्‍पर्धा के बारे में जरूर बताएं और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में सखी निवास प्रभारी नमिता शेष सहित सभी केंद्रों की संयोजिकाओं, सह संयोजिकाओं, विभिन्‍न समितियों के पदाधिकारियों सभासदों की बड़ी संख्‍या में शामिल रहीं।

This will close in 0 seconds