November 26, 2026

नगरसेना ने बीमार बच्ची व महिला को उपचार के लिए पहुंचाया अस्पताल

1 min read
Share this

बीजापुर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। ऐसी विषम परिस्थितियों में जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरसेना (होमगार्ड) की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। नगरसेना के जवान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जोखिम उठाकर ग्रामीणों और मरीजों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम रेड्डी की एक महिला एवं उसकी बीमार बच्ची को उफनते जलमार्ग से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और नगरसेना की सहायता लें। नगरसेना की टीम आवश्यकता पडऩे पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, अस्पताल ले जाने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे तत्पर है। लगातार हो रही बारिश के बीच टीम का यह मानवीय और साहसिक प्रयास लोगों के लिए राहत का बड़ा सहारा बन रहा है। प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव दल पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं।

This will close in 0 seconds