November 26, 2026

यात्री सेवा संतुष्टि के क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट द्वितीय स्थान तथा विश्व स्तर पर 66वीं रैंक किया प्राप्त

1 min read
Share this

रायपुर। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल के एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वेक्षण की वर्ष 2026-27 की द्वितीय तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के हवाई अड्डों में यात्री सेवा संतुष्टि के क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर ने द्वितीय स्थान तथा विश्व स्तर पर 66वीं रैंक प्राप्त किया है। इस सर्वेक्षण में रायपुर एयरपोर्ट को 4.93 एएसक्यू रेटिंग प्राप्त हुई, जो एएआई के सभी हवाई अड्डों के औसत 4.88 से अधिक है।
इस सर्वेक्षण में पुणे एयरपोर्ट ने 4.97 एएसक्यू रेटिंग के साथ भारत में प्रथम स्थान एवं विश्व स्तर पर 57वीं रैंक प्राप्त की, जबकि रायपुर एयरपोर्ट ने 4.93 रेटिंग के साथ भारत में दूसरा स्थान एवं विश्व स्तर पर 66वीं रैंक हासिल की। इसके बाद पटना, वाराणसी, देहरादून, कोलकाता, भुवनेश्वर, गोवा एवं इंदौर एयरपोर्ट क्रमश: अगले स्थानों पर रहे। एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) कार्यक्रम, एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल द्वारा संचालित विश्व का सर्वाधिक प्रतिष्ठित यात्री संतुष्टि मूल्यांकन कार्यक्रम है। इसमें यात्रियों से सीधे प्राप्त फीडबैक के आधार पर हवाई अड्डों की स्वच्छता, सुरक्षा, चेक-इन प्रक्रिया, प्रतीक्षा समय, कर्मचारियों के व्यवहार, यात्री सुविधाओं, संकेतक व्यवस्था तथा समग्र यात्रा अनुभव का मूल्यांकन किया जाता है। इस कारण एएसक्यू रैंकिंग को विश्वभर में हवाई अड्डों की सेवा गुणवत्ता का महत्वपूर्ण मानक माना जाता है।
रायपुर एयरपोर्ट की यह उपलब्धि एयरपोर्ट पर कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एयरलाइंस, सीआईएसएफ, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों तथा अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयासों एवं यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है।

This will close in 0 seconds