जिला पंचायत सीईओ ने किया वीबी जीरामजी के तहत किए गए पौधरोपण का निरीक्षण

1 min read
Share this

*स्व सहायता समूह की दीदीयों को दिये पौधों की देखभाल हेतु आवश्यक निर्देश*

*स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए*

रायपुर। जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन ने आज अभनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पचेड़ा, थनौद, तोरला, घुरका, सुन्दरकेरा, जवईबांधा, सोनेसुल्ली एवं दुलना में वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत पूर्व में किए गए पौधरोपण कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधरोपण स्थलों का अवलोकन कर पौधों की स्थिति की जानकारी ली तथा गांव की स्व-सहायता समूहों की दीदियों को निर्देशित किया कि सभी पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लगाए गए पौधे स्वस्थ रूप से विकसित हो सकें।

जिसके पश्चात् जिला पंचायत सीईओ द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम, 2026 के अंतर्गत विकासखंड अभनपुर की चयनित सर्वोच्च प्राथमिकता वाले ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं निर्मित स्वच्छता परिसंपत्तियों का स्थल निरीक्षण किया गया। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं, 4 प्रकार से अपशिष्ट संग्रहण, परिवहन एवं पृथक्करण व्यवस्था सहित अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का अवलोकन किया गया।

सीईओ श्री बिश्वरंजन ने भ्रमण के दौरान ग्राम स्तर पर कार्यरत स्वच्छाग्राही दीदियों से चर्चा कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही उनके समक्ष आने वाली समस्याओं, चुनौतियों एवं आवश्यकताओं को पर चर्चा एवं निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

साथ ही संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु एवं स्वच्छता परिसंपत्तियों का सतत उपयोग तथा नियमित रख-रखाव करने हेतु निर्देशित किया गया ।