June 9, 2026

रेड क्रॉस सोसाइटी हेतु राडा ने कलेक्टर को सौंपा 1 लाख का चेक

1 min read
Share this

रायपुर। सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी के लिए ?1,00,000 की सहयोग राशि का चेक रायपुर कलेक्टर श्री गौरव कुमार को सौंपा गया।
इस अवसर पर राडा के अध्यक्ष श्री रविंदर भसीन, उपाध्यक्ष श्री कैलाश खेमानी, श्री विवेक गर्ग, श्री अभिनव ऋषि तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रायपुर श्री आशीष देवांगन उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान राडा के अध्यक्ष श्री रविंदर भसीन ने कलेक्टर श्री गौरव कुमार को संस्था द्वारा समय-समय पर किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों एवं सीएसआर गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राडा केवल ऑटोमोबाइल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी निरंतर निर्वहन करती रही है। हाल ही में संस्था द्वारा दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संचालित विद्यालय को एक बस प्रदान की गई थी। इसके अतिरिक्त राडा द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम, यातायात सुरक्षा से जुड़े विभिन्न आयोजन तथा अन्य अनेक सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियां लगातार संचालित की जाती रही हैं।
श्री कैलाश खेमानी ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी समाज, प्रशासन अथवा किसी जरूरतमंद संस्था को सहयोग की आवश्यकता होगी तो राडा सदैव आगे बढ़कर सहयोग प्रदान करेगी।
कलेक्टर श्री गौरव कुमार ने राडा के इस योगदान के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया तथा समाज सेवा के प्रति उसकी सकारात्मक सोच और निरंतर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यापारिक संस्थाओं की ऐसी सहभागिता समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही उन्होंने राडा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।