May 25, 2026

महाराष्‍ट्र मंडल की आध्‍यात्मिक समिति के ऑन- ऑफलाइन मोड वाले शिविर का अगले हफ्ते होगा समापन

1 min read
Share this

*बाल संस्कार शिविर में बच्चों ने की मस्ती, मैंगो शेक रहा खास*

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति के बाल संस्कार शिविर में ऑफलाइन मोड पर शनिवार को बच्चों ने खूब मस्‍ती की। भीषण गर्मी के बाद बच्चों में शिविर को लेकर उत्साह देखा गया। बच्चों ने जहां एक ओर बैलून वाले गेम में खूब मस्ती की, वहीं दूसरी आर फायरलेस कुकिंग के दौरान बच्चों ने आज मैंगो शेक का आनंद भी लिया।

आध्यात्मिक समिति की संध्‍या खंगन ने बताया कि शनिवार, 23 मई को भीषण गर्मी के बाद भी शिविर में पहुंचे बच्चों में उत्साह देखा गया। आज बच्चों का स्वागत रचना ठेंगड़ी ने तिलक लगाकर किया। संध्या खंगन ने बच्चों को हनुमान चालीसा का पाठ कराया। लगातार शिविर में आने और घर में अभ्यास करने के कारण बच्चों ने लय और ओजस्वी स्वर में हनुमान चालीसा का एक साथ पाठ किया।

संध्या ने बताया कि बच्चे सबसे ज्यादा गेम को एंजॉय करते हैं। ऐसे में बच्चों का मोबाइल यूज और स्क्रीन टाइम कम करने के लिए हम शिविर में बच्चों को रोचक गेम्स कराते हैं। शनिवार को बच्चों को रचना ठेंगड़ी और संध्या खंगन द्वारा बैलून वाला गेम कराया गया। इसके लिए बच्चों को दो टीमों में बांटा गया। फिर दोनों टीम को एक-एक बैलून दिया गया। फिर बैलून को एक– दूसरे पास करने वाला गेम खेला गया। इसमें बच्चे पहले एक लाइन से खड़े हुए, फिर बैलून को पहले लेफ्ट, फिर राइट से पीछे के खिलाड़ी को पास किया। ऐसा ही क्रम ऊपर और अपने दोनों पैरों के बीच से भी किया। बच्चों ने इसे खूब एंजॉय किया।

अंत में बच्चों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए फायरलेस कुकिंग के तहत सभासद अक्षता पंडित ने बच्चों को मैंगो शेक बनाना सिखाया। बच्चों ने आम से उसका गुदा निकाला। उसे मथा और फिर उसमें शक्कर मिलाकर मैंगो शेक तैयार किया। शेक को और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें कटे हुए मेवे के टुकड़े भी डाले। मैंगो शेक बनाने के लिए बच्चे अपने घर से पके हुए आम लेकर आए थे।