May 25, 2026

सियान गुड़ी में बुजुर्ग लंच के बाद कर रहे वज्रासन

1 min read
Share this

*महाराष्‍ट्र मंडल के सियान गुड़ी में वरिष्‍ठ नागरिकों के सेहत की प्रतिदिन रखा जा रहा खास ख्‍याल*

रायपुर। सियान गुड़ी में वरिष्‍ठ नागरिक अपनी सेहत को लेकर बेहद जागरूक हो गए हैं। दोपहर भोजन के बाद सभी बुजुर्ग वज्रासन करने लगे हैं। समाज कल्‍याण विभाग की ओर से अनुदानित और महाराष्‍ट्र मंडल द्वारा संचालित सियान गुड़ी में बुजुर्गों की बढ़ती संख्‍या के साथ उनका उत्‍साह देखते ही बन रहा है। लू के थपेड़ों वाली तेज गर्मी और झुलसाने वाली धूप के चलते वरिष्ठ नागरिकों का यहां आने का सिलसिला सुबह नौ बजे से पहले ही शुरू हो जाता है।

दोपहर भोजन से पहले समूह चर्चा के दौरान वहां उपस्थित डॉक्‍टर बुजुर्गों का हेल्‍थ चेकअप करने के बाद उन्‍हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह देने के अलावा गर्मी से बचने और सुरक्षित रहने के लिए भी जरूरी टिप्‍स दे रहे हैं। सियान गुड़ी के प्रभारी और महाराष्‍ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि यहां आने वाले बुजुर्ग प्रतिदिन सुबह की शुरुआत योग और आध्यात्म के साथ करते हैं। वहीं सुबह के नाश्ते के बाद बुजुर्ग समूह चर्चा भी करते हैं। उसके बाद कैरम, शतरंज, दैनिक समाचार पत्र और पुस्तक वाचन के साथ सम- सामायिक विषयों पर चर्चा भी होती है।

सियान गुड़ी के मैनेजर मनीष देसाई के अनुसार भीषण गर्मी के चलते यहां पहले ही कूलर लगाए जा चुके हैं। दोपहर को खाने के बाद बुजुर्ग आराम करने के पहले प्रतिदिन वज्रासन पर बैठते हैं। वहीं डा. कमल वर्मा प्रतिदिन बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह देती हैं। कृषि वैज्ञानिक जेएन उरकुरकुर और एडवोकेट प्रशांत देशपांडे का सानिध्‍य और मार्गदर्शन भी वरिष्‍ठ नागरिकों को नियमित मिल रहा है। स्‍वयं मनीष भी प्रतिदिन उनका विशेष ख्याल रखने के लिए हमेशा उपलब्‍ध होते हैं।