हार की हताशा में राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की बिगड़ी मानसिक स्थिति, लांघीं सारी सीमाएं : साव

1 min read
Share this

*राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को सड़क छाप भाषा के इस्तेमाल के लिए जनता कभी माफ नहीं करेगी : *

*तपती दोपहरी के बावजूद शिविरों में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग, सरकार के प्रति जनता का भरोसा बरकरार : *

रायपुर। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस बेहद निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी सहित कांग्रेस के तमाम नेता जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैं, ऐसी भाषा का इस्तेमाल आम आदमी भी नहीं करता है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में मिली हार से कांग्रेस नेताओं की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। वे अपना आपा खो बैठे हैं और सारी मर्यादा लांघ चुके हैं। शब्दों की शुचिता और प्रधानमंत्री पद की गरिमा दोनों को उन्होंने तार-तार किया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

*मर्यादा लांघने पर जनता देगी कड़ा जवाब*

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि राहुल गांधी जी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जी जैसे नेता जिस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं, वह देश की राजनीति और लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना अत्यंत निंदनीय है। यही कारण है कि कांग्रेस लगातार देश में सिमटती जा रही है और जनता उनसे दूर होती जा रही है। आने वाले समय में देश की जनता उन्हें और कड़ा सबक सिखाएगी।

*मुख्यमंत्री पहुंच रहे गांव-गांव, जान रहे योजनाओं की जमीनी हकीकत*

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी लगातार विभिन्न जिलों के गांवों में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जान रहे हैं। वे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। वहीं मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रही है और उनका समाधान कर रही है। एक कल्याणकारी सरकार का इससे बड़ा दायित्व और कुछ नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में हमारी सरकार यही कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर रही है।

*सरकार के प्रति जनता का भरोसा बरकरार*

श्री साव ने कहा कि तपती दोपहरी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शिविरों में पहुंच रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि जनता का सरकार पर भरोसा और विश्वास कायम है। निश्चित रूप से जनसमस्या निवारण शिविरों का बड़ा लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलेगा।