दंतेवाड़ा में पारिवारिक जमीन विवाद में छोटे भाई की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

1 min read
Share this

दंतेवाड़ा। जिले के दंतेवाड़ा थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम टेकनार कोन्टीपारा में पारिवारिक जमीन विवाद के मामले में बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की गैंती से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल लोहे की गैंती बरामद कर आरोपी रामू भास्कर (55) निवासी ग्राम कांदाकरका बड़े तुमनार थाना गीदमको गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत गुरूवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दखिल कर दिया गया है। पुलिस के प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
दंतेवाड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव में एक नामकरण कार्यक्रम चल रहा था, जहां परिवार के सदस्य और ग्रामीण जुटे हुए थे। इसी दौरान इसी दौरान रामू और रामलाल जो आपस में भाई हैं। उनके बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन मामला शांत हो गया।दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरुआत में मामूली कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन कुछ घंटों बाद विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मृतक खाना खाकर रिश्तेदार के घर के आंगन में सो गया था। इसी बीच आरोपी रामू भास्कर वहां पहुंचा और सो रहे अपने भाई पर लोहे की गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। प्रार्थी सुरेश भास्कर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मोती भास्कर ने आकर कहा कि रामू जीजा ने रामलाल जीजा को मार दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस क्राइम सीन यूनिट के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रामू भास्कर (55) निवासी ग्राम कांदाकरका बड़े तुमनार थाना गीदम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की गैंती भी बरामद कर ली गई।
दंतेवाड़ा एएसपी आरके. बर्मन ने बताया कि दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरूवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है।