पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाश ले उड़े पूर्व विस अध्यक्ष कौशिक से मोबाइल
1 min read
Share this
रायपुर। रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल फोन दिनदहाड़े ले उड़े। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मोबाइल लूटेरे की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जब धरमलाल कौशिक पैदल चल रहे थे, तभी झपटमार उनके हाथ से बाइक सवार युवक मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। घटना के तुरंत बाद कौशिक ने सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बदमाश बाइक पर सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से मौके से भाग निकले। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने पहले रेकी की होगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना की जानकारी होने के बाद कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर कमिश्नरेट सिस्टम की वर्किंग पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं के साथ वारदात हो रही है। हाई अलर्ट के बीच शहर में वारदात हुई है। कमिश्नरी लागू होने के बाद लगातार अपराध बढ़ रहा है। कमिश्नरेट पुलिस केवल गाड़ी मालिकों को चालान भेजने का काम कर रही है।
