सुशासन तिहार में मिली राहत : समाधान शिविर में बना आयुष्मान कार्ड
1 min read
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित सुशासन तिहार 2026 अब लोगों के लिए सिर्फ शिकायतों के निराकरण का मंच नहीं रह गया है, बल्कि यह शासन की योजनाओं को सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बनता जा रहा है। गांवों में लगाए जा रहे समाधान शिविरों में लोगों को त्वरित सेवाएं मिल रही हैं और कई परिवारों को बड़ी राहत भी प्राप्त हो रही है।
ऐसी ही एक तस्वीर सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रायपुरा में आयोजित समाधान शिविर में देखने को मिली, जहां ग्राम रायपुरा निवासी श्रीमती निर्मला साहू को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। शिविर में पहुंचकर उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और अल्प समय में उनका कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया। आयुष्मान कार्ड हाथ में मिलते ही निर्मला साहू के चेहरे पर संतोष और राहत साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि अब बीमारी के इलाज को लेकर आर्थिक चिंता काफी हद तक कम हो गई है। इस कार्ड के माध्यम से प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे जरूरत पडऩे पर बेहतर इलाज कराना संभव हो सकेगा।
उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी सहारे से कम नहीं है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत लेकर आई है, जहां आर्थिक अभाव के कारण कई बार लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते।
गौरतलब है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है। योजना में गंभीर बीमारियों के इलाज को भी शामिल किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को महंगे उपचार का लाभ बिना आर्थिक बोझ के मिल सके। सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविरों के जरिए शासन की जनहितकारी योजनाएं अब गांव-गांव तक पहुंच रही हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को न केवल त्वरित सेवाएं मिल रही हैं, बल्कि शासन के प्रति भरोसा भी मजबूत हो रहा है।
