अज्ञात बस ने सुबह की सैर पर निकले युवक को मारी टक्कर, माैके पर हुई माैत

1 min read
Share this

जगदलपुर । जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत नया पुल पर मंगलवार की सुबह एक अज्ञात तेज रफ्तार बस ने सुबह की सैर पर निकले एक युवक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाॅज अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह नए पुल के ऊपर कुछ लोग टहल रहे थे। आसना की ओर से आ रही एक यात्री बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए युवक को पीछे से ठोकर मार दी। इस घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है। साथ ही, मृतक युवक की पहचान स्थापित करने और उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस आस-पास के क्षेत्रों में युवक की पतासाजी कर रही है ताकि उसकी पहचान हो सके।