जिला मुख्यालय में 11 मई से 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
1 min read
Share this
*22 खेल विधाओं में दिया जाएगा निःशुल्क प्रशिक्षण, अनुभवी प्रशिक्षक देंगे तकनीकी टिप्स*
*समापन पर खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुरस्कार*
रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला रायपुर एवं जिला प्रशासन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय में 11 मई से 31 मई 2026 तक किया जा रहा है।
शिविर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक तथा सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक संचालित होगा। समय में मौसम अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार शिविर की तैयारियों एवं रूपरेखा के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, रायपुर में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम श्री उमाशंकर बंदे ने खेल संघों और प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में रायपुर शहर के विभिन्न खेल मैदानों में नवोदित एवं इच्छुक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में कुल 22 खेल विधाओं का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। इनमें वॉलीबाल, बास्केटबाल, फुटबॉल, सॉफ्टबाल, हैंडबाल, हॉकी, कराते, ताईक्वांडो, टेबल टेनिस, कबड्डी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, किक बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, मलखम्ब, नेटबॉल, खो-खो, टेनिक्वाइट, एथलेटिक्स, कुश्ती, क्याकिंग-केनोइंग एवं सॉफ्ट टेनिस शामिल हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रशिक्षण हेतु आवश्यक खेल सामग्री एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभिन्न खेल संघों के प्रशिक्षक अपनी सेवाएं देकर खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
ग्रीष्मावकाश को ध्यान में रखते हुए जिले के अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को शिविर में शामिल कराएं। यह प्रशिक्षण शिविर पूर्णतः निःशुल्क होगा। शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री प्रवेश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
