May 10, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में हुआ सुशासन का नया सवेरा : उप मुख्यमंत्री साव

1 min read
Share this

*विकास और सुशासन की राजनीति को जनता का समर्थन मिला : उप मुख्यमंत्री अरुण साव*

*राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस 99 चुनाव हार चुकी है, 2028 तक कांग्रेस और कमजोर होगी *

*कांग्रेस-डीएमके अवसरवादी और बेमेल गठबंधन, टूटना तय था : उप मुख्यमंत्री अरुण साव*

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव  पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी एवं कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। वे देर शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जी के साथ रायपुर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साव ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद राजनीति में बड़ा परिवर्तन आया है। आज हर राज्य की जनता विकास और सुशासन चाहती है और यही कारण है कि असम एवं पश्चिम बंगाल की जनता ने भी इसे पसंद किया है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जो जनादेश दिया है, वह अद्भुत है। आज पश्चिम बंगाल में एक नए सवेरे की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि वहां लंबे समय से विकास अवरुद्ध था, उद्योग-धंधे चौपट हो गए थे और निचले स्तर तक भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जिससे आम जनता परेशान थी। लोग तुष्टिकरण की राजनीति से भी त्रस्त थे। उन्होंने कहा कि आज से पश्चिम बंगाल में नए युग की शुरुआत हुई है। श्री साव ने पश्चिम बंगाल और असम की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्री साव ने कहा कि कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी 99वां चुनाव हार चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्य में कांग्रेस की स्थिति बेहद कमजोर हो गई है और पार्टी केवल दो सीटों तक सिमटकर रह गई है, जबकि कभी वहां उसकी सरकार हुआ करती थी। उत्तर प्रदेश सहित कई बड़े राज्यों में भी कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है। श्री साव ने कहा कि आज देश के बड़े राज्यों में कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं देती। पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है और समाप्ति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक कांग्रेस की स्थिति और अधिक कमजोर होने वाली है।

तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके गठबंधन टूटने पर उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही कहती रही है कि यह अवसरवादी और बेमेल गठबंधन है। यह ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं था। उन्होंने कहा कि जिस दिन से इंडी गठबंधन बना है, उसी दिन से उसके टूटने का सिलसिला शुरू हो गया था। कांग्रेस और डीएमके का गठबंधन समाप्त होना तय था।