May 8, 2026

ईएसआईसी के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ी बीमितों की भीड़

1 min read
Share this

*40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों ने बड़ी संख्या में कराया स्वास्थ्य परीक्षण*

रायपुर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा आयोजित निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर में 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमित व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण सुविधा का लाभ उठाया। वर्ष 2025 में अधिसूचित नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों के तहत शुरू किए गए इस अभियान का गुरुवार को देशभर के 12 केंद्रों में एक साथ शुभारंभ किया गया। रायपुर में इसका आयोजन कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल, रावाभाठा में किया गया।
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित इस कार्यक्रम के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमित व्यक्तियों को संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक प्रयोगशाला जांच तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करना, श्रमिकों में निवारक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यबल के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ करना है।
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2025 में भारत सरकार द्वारा अधिसूचित चार नई श्रम संहिताओं को देश की श्रम व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार के रूप में देखा जा रहा है। इन संहिताओं में 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच का प्रावधान विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 24 फरवरी 2026 से विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम प्रारंभ किए गए थे। इन्हीं कार्यक्रमों के अंतर्गत “हेल्थ आउटरीच प्रोग्राम” और स्वास्थ्य रथ पहल के माध्यम से वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविरों की श्रृंखला का शुभारंभ 07 मई 2026 से किया गया है।
रायपुर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आंचलिक बीमा आयुक्त श्री प्रणय सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राधाकांत बेहेरा, डॉ. जयंती सिंह, क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी श्री धीरेन्द्र पटनायक, विशेषज्ञ (एसएजी) डॉ. शैलेश चौधरी तथा राज्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता मिश्रा उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीमित श्रमिकों ने भागीदारी निभाई और स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ प्राप्त किया। कर्मचारी राज्य बीमा निगम की यह पहल श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो भविष्य में स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक कार्यबल के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।