भीषण गर्मी के बीच 6 मई से मिलेगा बड़ा, कचौड़ी-समोसा 35 रुपये प्लेट
1 min read
Share this
धमतरी। भीषण गर्मी के बीच अब आदमी की जेब महंगाई से झुलसने वाली है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रूपए की वृद्धि कर दी गई है। इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। गैस की बढ़ी कीमत का पहला झटका नाश्ते के रूप में पडऩे वाला है। धमतरी हॉटल व्यवसायी संघ ने 6 मई से नाश्ते के रेट में 5 रूपए वृद्धि के साथ 35 रूपए प्रति प्लेट नाश्ता करने जा रही है। अब संघ से जुड़े हॉटलों में मूंग बड़ा, कचौड़ी, समोसा, आलू गुंडा आदि नाश्ता 35 रूपए प्लेट पर मिलेगा। कुछ अन्य हॉटल संचालक भी गैस की बढ़ी कीमत को देखते हुए भविष्य में नाश्ते के रेट में बढ़ोतरी करने की बात कह रहे हैं।
गैस एजेंसी के संचालक मोहन अग्रवाल ने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का वैश्विक असर देखने को मिल रहा है। दो महीने बाद भी कॉमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। 1 मई से 19 किग्रा कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रूपए भारी वृद्धि हुई है। वर्तमान में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3328 रूपए हो गई है। जिले में 12 गैस एजेंसियां संचालित है। होटल, स्ट्रीट फूड वेंडर और रेस्तरां सहित अन्य फूड प्रतिष्ठानों को मिलाकर प्रतिदिन अनुमानित औसतन 500 सिलेंडर की खपत होती है। आपूर्ति बहाल नहीं होने से अभी भी गैस की किल्लत बनी हुई है। सिलेंडर की कीमत बढऩे से गैस एजेंसी संचालकों को भी झटका लगा है। घरेलू लाल एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है, इसलिए इस सिलेंडर की कमी नहीं है, लेकिन कॉमर्शियल को लेकर अभी भी परेशानी हो रही है।
धमतरी हॉटल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पदमाकर वाइकर ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध से तेल, गैस सिलेंडर समेत विभिन्न खाद्य सामाग्रियों की कीमत में इजाफा हुआ है इसलिए प्रति प्लेट नाश्ते की कीमत में 5 रूपए की बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। संभवत: 6 मई से प्रति प्लेट नाश्ते की नई दरें जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नाश्ता 30 रूपए प्रति प्लेट में दे रहे हैं। 6 मई के बाद 35 रूपए प्रति प्लेट के हिसाब से नाश्ता दिया जाएगा। इसके पूर्व दो साल पहले 5 रूपए की वृद्धि हुई थी।
होटल व्यवसायियों की मानें तो रेस्तरां और हॉटल में मिलने वाले भोजन की थाली में 10 से 20 रुपये तक की बढोतरी हो सकती है। महंगाई बढऩे से चाट, गुपचुप और फास्ट फूड के शौकीनों को भी अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कॉमर्शियल सिलेंडर यूज करने वाले स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने भी रेट लिस्ट बदलने की तैयारी कर ली है।
