भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रवण कुमार का हुआ निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
1 min read
Share this
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ता श्रवण कुमार प्रधान का निधन हो गया। उनके निधन से पूरे ग्राम पडिग़ांव में शोक की लहर है और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस दुखद समाचार पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि श्रवण कुमार प्रधान संगठन के एक सक्रिय, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता थे, जिनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि श्रवण कुमार प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी के लिए जो कार्य किए, वे संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण रहे। उनकी सक्रियता और समर्पण ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई थी। वे न केवल एक कार्यकर्ता, बल्कि संगठन के लिए एक मजबूत स्तंभ के रूप में जाने जाते थे। मुख्यमंत्री ने इसे संगठन और समाज दोनों के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित और कर्मठ व्यक्तित्व का जाना निश्चित रूप से सभी के लिए गहरा आघात है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्राप्त हो। उन्होंने परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
