चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने अर्धनग्न कर पत्नी के साथ जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पस्ता गांव में घुमाया
1 min read
Share this
सूरजपुर। पस्ता गांव में चोरी के संदेह में मोहम्मद रहमान ताज के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने युवक के कपड़े उतरवाकर उसे अर्धनग्न कर दिया, सिर के बाल आंशिक रूप से मुंडवा दिए और जूते-चप्पलों की माला पहनाई। इसके बाद उसे पत्नी के साथ पूरे गांव में घुमाया गया। पीडि़त की पत्नी ने भी आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामानुजनगर थाना के ग्राम कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज (32) पर सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का संदेह जताया गया था। इसी आधार पर गांव के सरपंच पति और कुछ ग्रामीणों ने उसे पंचायत में समझौते के लिए बुलाया। जब वह अपनी पत्नी के साथ पस्ता गांव पहुंचा, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर सजा देना शुरू कर दिया। घटना के बाद युवक के पिता शमसुद्दीन ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके बेटे पर झूठा आरोप लगाकर उसे अपमानित किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक पर पहले भी चोरी के इरादे से गांव में आने का संदेह था, लेकिन वह भाग गया था। सरपंच पति विश्वनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीणों में आक्रोश था और उन्होंने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। वहीं एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने घटना को अमानवीय बताते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
