April 20, 2026

सचिन तेंदुलकर से मिलने वालों की सूची में दिव्यांग छात्र मडड़ाराम शामिल

1 min read
Share this

दंतेवाड़ा। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के दंतेवाड़ा प्रवास को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। उनके चाहने वाले उनसे मिलने के लिए छिंदनार पहुंचेंगे, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। मिलने वालों की सूची पहले से तैयार कर ली गई है और केवल चयनित लोगों को ही मुलाकात का मौका मिलेगा। इसी सूची में सक्षम स्कूल जवांगा में 11वीं कक्षा में पढऩे वाले दिव्यांग छात्र मडड़ाराम का नाम भी शामिल है। उसके साथ दो अन्य दिव्यांग छात्र भी सचिन से मुलाकात करेंगे। मडड़ाराम इस खास मुलाकात को लेकर बेहद उत्साहित है। उसने सचिन से पूछने के लिए सवाल भी तैयार किए हैं। वह जानना चाहता है कि सचिन क्रिकेटर कैसे बने, उन्हें प्रेरणा कहां से मिली और दिव्यांग होने के बावजूद वह क्रिकेट में आगे कैसे बढ़ सकता है।
मडड़ाराम वही बच्चा है, जिसका क्रिकेट खेलते हुए वीडियो कुछ साल पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। साल 2020 में सचिन तेंदुलकर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था कि यह उनके दिल को छू गया। उन्होंने लोगों से भी इस प्रेरणादायक वीडियो को देखने की अपील की थी। वीडियो को हजारों लोगों ने पसंद किया और देशभर में मडड़ाराम की चर्चा हुई। विकासखंड के बेंगलुर पंचायत निवासी मडड़ाराम पोलियो से ग्रस्त है। पैरों का विकास ठीक से नहीं हो पाया, लेकिन उसने अपनी कमजोरी को कभी बाधा नहीं बनने दिया। वह स्कूल ग्राउंड में दोस्तों के साथ नियमित रूप से क्रिकेट खेलता है। उसके पिता डोमा राम किसान हैं और परिवार साधारण परिस्थितियों में जीवन यापन करता है।